आप नेता संदीप पाठक ने जेल में बंद अरविन्द केजरीवाल के स्वास्थ्य को लेकर किया बड़ा दावा
आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के स्वास्थ्य को लेकर बड़ा दावा किया है। संदीप पाठक ने कहा कि अरविन्द केजरीवाल का शुगर लेबल पिछले एक महीने में 34 बार 50 से नीचे गया है। यह बेहद ही चिंता का विषय है। उनकी बिगड़ती तबियत को लेकर लाखों करोड़ों लोग परेशान हैं। लेकिन बीजेपी और उपराज्यपाल को इस बात से कोई चिंता नहीं है।
संदीप पाठक ने कहा, “बीजेपी के एलजी से मैं बेहद ही सम्मानपूर्वक कहना चाहूंगा कि आपको इस विषय का कोई ज्ञान नहीं है, इसके बावजूद आप लगातार गलत बयानबाजी कर रहे हैं। एलजी से पूछना चाहूंगा कि आपको इस विषय के बारे में थोड़ी भी जानकारी है? अगर नहीं है तो आप अपने संवैधनिक पद की गरिमा मत गिराइए।”
आप नेता संदीप पाठक ने आगे कहा कि स्पेशल पीएमएलए कोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट ने सीएम अरविंद केजरीवाल को जमानत दी है। आपको बता दूं कि पीएमएलए के मामले में ऐसे ही जमानत नहीं मिलती है। इसमें जब यह साफ हो जाता है कि आरोपी के खिलाफ कोई गड़बड़ियां नहीं पाई गई हैं, तब जमानत दी जाती है। जब यह साफ हो गया कि अब ईडी से जमानत मिलने वाली है, तब अरविंद केजरीवाल को सीबीआई से साजिशन गिरफ्तार करवा लिया गया।
न ही डरेंगे और न ही झुकेंगे – संदीप पाठक
संदीप पाठक ने आगे कहा कि यह सब देखकर तो ऐसा लगता है कि जाँच एजेंसियों का लक्ष्य न्याय दिलाना नहीं है, बस प्रताड़ित करना है। अरविंद केजरीवाल राजनीतिक बंदी हैं। तानाशाह उन्हें जेल में बंद करके नुकसान पहुंचाना चाह रहा है। उन्हें जेल में डराने की कोशिश की जा रही है। लेकिन वह न ही डरेंगे और न ही झुकेंगे। आज सवाल केवल आम आदमी पार्टी या अरविंद केजरीवाल का नहीं बल्कि देश का है। आज तानाशाह की तानाशाही रोककर देश को बचाने का सवाल है। उन्होंने आगे यह भी कहा कि इस तानाशाही को रोकने के लिए इंडिया गठबंधन के सभी दल 30 जुलाई को जंतर मंतर पर इकठ्ठा होंगे।
