अखिलेश यादव ने लखनऊ में की प्रेस कॉन्फ्रेंस, केशव प्रसाद मौर्य पर साधा निशाना
कन्नौज सांसद और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इस बात को स्वीकारा है कि सभी विभागों में भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक राजनीती को किसी ने रोका है तो वह पीडीए परिवार ने रोका है। इसी के साथ उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर निशाना साधते हुए कहा कि आप लोग समझ तो गए होंगे कि मोहरा कौन है। सुनने में आ रहा है कि मौर्या जी मोहरा हैं। दिल्ली के वाईफाई के पॉसवर्ड हैं।
यूपी पुलिस पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूपी पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में पुलिस वाले ही पुलिस को लूटने में लगे हुए हैं। मैंने पहले ही कहा था जब पहला एनकाउंटर हुआ था, उसी समय इसे रोक दिया जाता तो एनकाउंटर की इतनी घटनाएं न बढ़ती। अब पुलिस एनकाउंटर के लिए रेट तय करती है। कानपुर में जो दंगा हुआ उसकी कार्यवाई कभी न कभी तो जरूर होगी। अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी ने इन 10 सालों में यूपी वालों का सब कुछ बिगाड़ कर रख दिया है। इन्होने हर व्यवस्था, हर विभाग को बर्बाद कर दिया है। बताइये क्या सरकार ऐसे चलेगी। यूपी इस तरह नहीं चलेगा। इन्होने प्रदेश की जनता को धोका दिया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने पूछा कि मुख्यमंत्री कौन है, मुख्य सचिव कौन है और विभागों में कौन कौन बैठा है? उत्तर प्रदेश की जनता को क्या मिला ? हमने जिस गांव को जितना बना कर छोड़ दिया उससे आगे एक काम आगे नहीं बढ़ा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के मुख्यालय में संविधान की एक प्रति रखने के लिए स्थापित ‘संविधान मानस्तंभ’ का अनावरण किया।
