उपेंद्र कुशवाह ने साधा लालू यादव पर निशाना, कहा लालू यादव चाहते तो मुलायम सिंह प्रधानमंत्री बन सकते थे
पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रिय लोक जनता दल के राष्ट्रिय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाह ने लालू यादव और बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार पर निशाना साधा है। उपेंद्र कुशवाह दो दिवसीय दौरे पर बक्सर पहुंचे। रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने लालू यादव पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा एक समय ऐसा था कि लालू यादव चाहते तो मुलायम सिंह प्रधानमंत्री बन सकते थे। लेकिन लालू यादव ने ऐसा नहीं किया। लालू यादव कभी भी नितीश कुमार को प्रधानमंत्री नहीं बनाने देंगे। वे सिर्फ अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। फिर चाहे वह एक साल या छः महीने के लिए ही क्यों न मुख्यमंत्री बने।
नितीश कुमार पर साधा निशाना
उपेंद्र कुशवाह ने बिहार सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा जब से नितीश कुमार महागठबंधन में गए हैं और उन्हें प्रधानमंत्री बनाने का सपना दिखाया गया है। तब से उन्होंने सरकारी कामकाज में रूचि लेना बंद कर दिया है। जिससे लॉ एंड आर्डर और अराजकता से बिहार कराह उठा है। सपना दिखाने वाले ही उनके साथ दगा कर रहे हैं, जो सब के सामने है। बिहार के किस विभाग में क्या हो रहा है ? कभी समय मिला तो बैठ गए वरना सरकारी कामकाज में रूचि लेना बंद कर दिया है। कभी कभी तो सरकारी कामों के लिए तेजस्वी यादव की तरफ इशारा कर देते हैं कि इनसे समझ लीजिये।
एनडीए गठबंधन को लेकर कहा
उपेंद्र कुशवाह ने एनडीए गठबंधन को लेकर कहा कि सब कुछ तय हो चुका है। समय आने पर इसे लोगों के सामने लाया जायेगा। जब उपेंद्र कुशवाह से पार्टी बदलने और नयी पार्टी बनाने के सन्दर्भ में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि जब कोई दूसरा पार्टी बदल लेता है तो कोई बात नहीं और हमने पार्टी बदला तो हमसे सवाल पूछे जा रहे हैं। दूसरे लोग तो सड़क से सदन की कुर्सी के लिए बदल जाते हैं। हमने तो जब जब कुर्सी बदली है, सदन से सड़क पर आए हैं। हमेशा कालेजियम सिस्टम, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और लोगों की मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार प्रयासरत रहते हैं।
