पीएम मोदी आज जबलपुर में गेल इंडिया की दो परियोजनाओं का करेंगे लोकापर्ण और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुरुवार को जबलपुर में गेल इंडिया की दो परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकापर्ण करेंगे। जबलपुर के घर घर में अगले साल तक गेल इंडिया की स्वच्छ और प्राकृतिक कुकिंग गैस की सप्लाई पहुंचेगी। 1103 करोड़ रुपये की लागत से नागपुर से जबलपुर तक प्राकृतिक गैस पाइपलाइन परियोजना का शिलान्यास आज 5 अक्टूबर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1,765 करोड़ रुपये की विजयपुर-औरैया प्राकृतिक गैस पाइपलाइन परियोजना का लोकार्पण भी करेंगे। गेल इंडिया के चेयरमैन संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि महारत्न कंपनी गेल इंडिया द्वारा शुरू की गई दोनों परियोजनाएं राष्ट्रीय गैस ग्रिड का हिस्सा हैं, जो पूरे देश में ईंधन और फीड स्टॉक के रूप में प्राकृतिक गैस की पहुंच और उपयोग को बढ़ाने के लिए विकसित की जा रही है।

मध्यप्रदेश के तीन जिलों और 144 गांव से होकर गुजरेगी

गेल इंडिया कंपनी की गैस पाइपलाइन महाराष्ट्र के नागपुर से मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा, सिवनी और जबलपुर से होकर निकल रही है। अगले साल अक्टूबर 2024 तक जबलपुर के घर घर में पाइपलाइन के जरिये प्राकृतिक कुकिंग गैस मिलाना शुरू हो जाएगी। कंपनी के डायरेक्टर अखिलेश जैन ने बताया कि कंपनी द्वारा लगभग 26 लाख पीएनजी कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके अलावा 550 से अधिक सीएनजी स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। मध्य प्रदेश में इस पाइपलाइन की लंबाई 256 किमी है, जो इन तीन जिलों के 144 गांवों से होकर गुजरेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके साथ ही 12600 करोड़ की विकास योजनाओं का भी शिलान्यास और लोकापर्ण भी करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जबलपुर में आगमन 2 बजकर 50 मिनट पर होगा और प्रधानमंत्री 5 बजकर 15 मिनट तक जबलपुर में रुकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *