पश्चिम बंगाल के लिए पीएम मोदी ने किया बड़ा एलान, ईडी द्वारा जब्त पैसे को गरीबों को वापिस किया जायेगा

पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि वह उस दिशा में काम कर रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में गरीब जनता से लूटा गया और ईडी द्वारा जब्त किया गया धन गरीब जनता को वापिस मिल सके। पीएम मोदी ने कृष्णानगर लोकसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा के खिलाफ पार्टी की उम्मीदवार और पूर्ववर्ती राजघराने की सदस्य अमृता रॉय के साथ टेलीफोन पर बातचीत में यह बात कही।

पीएम मोदी ने राजमाता अमृता रॉय के साथ बातचीत में कहा, ”मैं कानूनी सलाह ले रहा है। ईडी ने पश्चिम बंगाल में 3000 करोड़ रुपये अटैच किया है। ये गरीबों का पैसा है। किसी ने टीचर बनने के लिए पैसा दिया, किसी ने क्लर्क बनने के लिए पैसा दिया। मैं कानूनी सलाह ले रहा हूं। मेरी इच्छा है, नई सरकार बनते ही कानूनी प्रावधान करना पड़ेगा, नियम बनाने पड़ेंगे, मैं जो गरीब लोगों का 3000 करोड़ रुपये पैसा है, जिसने पैसा रिश्वत में दिया है, उसका पैसा वापस करना चाहता हूं। आप लोगों को बताइए, मोदी जी से मेरी बात हुई है, उन्होंने कहा है कि बंगाल के लोग विश्वास करें, जो ईडी ने 3000 करोड़ रुपये अटैच किए हैं, वो उन्हें वापस देने के लिए कोई न कोई रास्ता निकालूंगा।”

बीजेपी नेताओं ने दिया बातचीत का विवरण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजमाता अमृता रॉय के बीच हुयी बातचीत का विवरण देते हुए बीजेपी नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का अनुमान है कि राज्य में नौकरी पाने के लिए दी गयी रिश्वत की राशि लगभग 3000 करोड़ है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने राजमाता अमृता रॉय से कहा है कि वह इसके बारे में जनता को बताये। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि सत्ता में वापिस आने के बाद वह ऐसा रास्ता निकालेंगे कि लोगों का पैसा उनको वापिस मिल सके। इसी के साथ पीएम ने कहा कि जरूरत पड़ने पर कानूनी विकल्प भी तलाशा जायेगा।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को ईडी द्वारा भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार करने पर हो रहे प्रदर्शन पर कांग्रेस के द्वारा समर्थन किये जाने पर बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी, अब उन्होंने अपना रुख बदल लिया है। यह दिखाता है कि उनकी प्राथमिकता देश नहीं बल्कि सत्ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *