रक्षाबंधन के अवसर पर केंद्र सरकार ने दिया बड़ा तोहफा, एलपीजी सिलेंडर के दामों में की 200 रुपये की कटौती

रक्षाबंधन के अवसर पर केंद्र सरकार ने सभी देशवासियों को बड़ा तोहफा दिया है। कल 29 अगस्त को हुयी कैबिनेट की मीटिंग के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि सभी उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी सिलेंडर के दाम 200 रुपये कम किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर एलपीजी सिलेंडर के दाम 200 रुपये कम किये जाने का फैसला लिया है। यह केंद्र सरकार की तरफ से देशवासियों और बहनों के लिए बड़ी सौगात है।

इसके बाद अनुराग ठाकुर ने बताया कि 75 लाख बहनों को उज्जवला योजना के तहत फ्री गैस कनेक्शन भी मिलेंगे। एक रूपया भी नहीं देना पड़ेगा। पाइप, चूल्हा और सिलेंडर मुफ्त मिलेगा। उन्होंने बताया कि दुनियां भर में गैस के दामों में बढ़ोतरी हुयी है लेकिन भारत में इसका असर नहीं हुआ है।

उज्जवला योजना के तहत पहले 200 रुपये की सब्सिडी मिलती थी। लेकिन आज से 200 रुपये की और सब्सिडी का लाभ मिलेगा। इस तरह उज्जवला योजना के तहत आने वालों को 400 रुपये की सब्सिडी का लाभ मिलेगा। देश में 33 करोड़ लोगो के पास उज्जवला गैस कनेक्शन के सिलेंडर हैं। वहीँ 75 लाख और नए गैस कनेक्शन और दिए जायेंगे। इसमें 7680 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा।

प्रधानमंत्री ने किया ट्वीट

इस फैसले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा “रक्षाबंधन का पर्व अपने परिवार में खुशियां बढ़ाने का दिन होता है। गैस की कीमतों में कटौती होने से मेरे परिवार की बहनों की सहूलियत बढ़ेगी और उनका जीवन और आसान होगा। मेरी हर बहन खुश रहे, स्वस्थ रहे, सुखी रहे, ईश्वर से यही कामना है। ”

विपक्षी दलों ने दी प्रतिक्रिया

इस फैसले पर विपक्षी दलों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी। उन्होंने ने केंद्र सरकार के इस फैसले को आगामी विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव से जोड़ दिया है। केंद्र सरकार के इस फैसले पर टीएमसी नेता और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा “अभी तक पिछले दो महीने में ‘इंडिया’ गठबंधन की सिर्फ दो बैठक हुई और आज हम देख रहे हैं कि एलपीजी गैस के दाम 200 रुपये कम कर दिए गए। ये है #इंडिया का दम ! ”

तेजस्वी यादव ने कहा “यह दबाव है… (इंडिया गठबंधन का ) दूसरी बैठक के बाद, उन्होंने (भाजपा) कीमतों में 200 रुपये की कमी की है। जब सब कुछ फाइनल हो जाएगा, तब आप (इंडिया गठबंधन की) ताकत देखेंगे। “

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *