विपक्षी गठबंधन इंडिया की तीसरी बैठक पर जाते हुए लालू प्रसाद यादव ने किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला, कहा…
31 अगस्त से विपक्षी गठबंधन इंडिया की दो दिवसीय बैठक मुंबई में शुरू होने जा रही है। इस बैठक में शामिल होने के लिए आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपने बेटे उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ मंगलवार 29 अगस्त को मुंबई के लिए रवाना हो गए। इससे पहले पटना एयरपोर्ट पर लालू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी की नरेटी पर चढ़ने के लिए मुंबई जा रहे हैं। नरेंद्र मोदी की नट्टी को हम पकड़े हुए हैं। जल्दी नरेंद्र मोदी को हटाना है।
इसके बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि अभी अगस्त का महीना चल रहा है। आज से ठीक एक साल पहले इसी महीने में बिहार की जनता को दिशा दिखाने का काम किया था। हमने उसी समय यह एलान किया था कि बिहार में सरकार बनाने के बाद देश के सभी दलों को गोलबंद करेंगे। आपने देखा ही है कि एक साल के अंदर दो बैठकें भी हो गयी हैं। पहले लोग सोचते थे कि सभी लोग एक साथ आएंगे कि नहीं आएंगे। सारी बातें हो चुकी हैं देश की जनता हमारे गठबंधन के साथ है।
जाति जनगणना के मुद्दे पर बोले
तेजस्वी यादव ने जाति जनगणना के मुद्दे पर केंद्र सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट में डाले हलफ़नामे को लेकर कहा कि बीजेपी का असली चेहरा सबके सामने आ गया है। हैरान करने वाली बात है कि सुप्रीम कोर्ट में रात में हलफ़नामा दायर किया जाता है और रातभर में उसको बदल भी दिया जाता है। तेजस्वी यादव ने कहा कि सवाल यह है कि हलफ़नामा देने की जरूरत क्यों पड़ी ? बीजेपी नहीं चाहती थी कि बिहार में जाति जनगणना हो। बिहार में आर्थिक रूप से कमजोर कितने लोग हैं इसकी जानकारी मिल पाए यह बीजेपी कभी नहीं चाहती थी। उन्होंने कहा कि हम लोग सर्वेक्षण करवा रहे हैं किस जाति में कितने लोग गरीबी रेखा से नीचे हैं। इस जाति जनगणना से कितने लोग आर्थिक रूप से कमजोर हैं उसकी जानकारी मिल जाएगी। इसके बाद उनके लिए फिर योजना तैयार की जाएगी, यह तो बीजेपी कभी नहीं चाहती है।
