संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक, लोकसभा के शून्यकाल के दौरान दो लोग दर्शक दीर्घा से कूदे
आज संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक की खबर सामने आयी। संसद में लोकसभा की कार्यवाई के दौरान दो युवक दर्शक दीर्घा से लोकसभा की कार्यवाई में कूद गए। कूदने के बाद ये दोनों युवक एक बेंच से दूसरी बेंच पर भागने लगे। उसी दौरान एक युवक ने अपने जूते से निकलकर पीले रंग की गैस स्प्रे कर दी। लोकसभा की कार्यवाई में मौजूद सांसदों के अनुसार दोनों युवकों के हाथ में टियर गैस का कनस्टर था। हालाँकि इन दोनों युवकों को सांसदों ने पकड़ कर सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाई को दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
लोकसभा की कार्यवाई में मौजूद सांसदों ने बताया कि बीजेपी सांसद खरगेन मुर्मू शून्यकाल के दौरान बोल रहे थे। उसी समय दर्शक दीर्घा से एक युवक कूदा। पहले वह बैरियर से लटका और उसके बाद उसने सदन में झलांग लगा दी। उसके बाद दूसरा युवक भी सदन में कूद गया। संसद में अफरा तफरी मच गयी। कुछ सांसद तो अनहोनी की आशंका से सदन से बाहर की तरफ भागे। लेकिन कुछ सांसदों ने इन दोनों युवकों को पकड़ लिया। उसके बाद सुरक्षाकर्मी आ गए और उन्हें हिरासत में ले लिया। हिरासत में लेने के बाद इन दोनों युवकों को संसद मार्ग पुलिस स्टेशन ले जाया गया। दिल्ली पुलिस की एंटी टेरर यूनिट इन दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार जो लोग सदन में घुसे थे उनमे से एक का नाम सागर है। बताया जा रहा है कि ये दोनों युवक सांसद के नाम पर लोकसभा का विज़िटर पास पर आये थे। सांसद दानिश अली ने बताया कि दोनों युवक मैसूर के बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा के नाम पर लोकसभा विज़िटर पास पर आये थे।
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन ने बताया कि संसद के शून्यकाल के दौरान दो युवक दर्शक गैलरी से सदन में कूदे। फिर उनके द्वारा कुछ फेंका गया जिससे गैस निकल रही थी। उन दोनों युवकों को सांसदों ने पकड़ लिया और सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद सदन को दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। यह निश्चित रूप से सुरक्षा का उल्लंघन है क्योकि आज हम उन लोगों की पुण्यतिथि मना रहे हैं, जिन्होंने 2001 में अपने प्राणों की आहुति दी थी।
कांग्रेस सांसद कार्ति चिंदबरम ने कहा कि अचानक 20 साल के दो युवक दर्शक दीर्घा से सदन में कूद पड़े। उनके हाथ में कनस्टर थे और उनसे पीला धुआँ निकल रहा था। यह धुआँ जहरीला भी हो सकता था। उन युवकों में से एक युवक अध्यक्ष की कुर्सी की तरफ भागने का प्रयास कर रहा था वे कुछ नारे भी लगा रहे थे। यह सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन है।
