हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने राहुल गाँधी के किसानों के समर्थन वाले बयान पर कांग्रेस पर साधा निशाना
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गाँधी के किसानों के समर्थन वाले बयान पर हरियाणा में मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। अनिल विज ने कहा, “उन्हें यह बात बहुत देर से समझ में आई है। कांग्रेस ने 50-60 साल तक राज किया, उन्होंने किसानों के लिए क्या किया? आज किसान ऐसी हालत में क्यों हैं? इसके लिए कौन जिम्मेदार है?”
कांग्रेस ने किसानों के लिए क्या किया–अनिल विज
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए मंत्री अनिल विज ने कहा, “लगभग 50-60 साल तक कांग्रेस ने राज किया है। उन्होंने किसानों के लिए क्या किया? क्यूं किसानों की आज ऐसी स्थिति है। इसके लिए कौन जिम्मेदार है? ये लोग बताए कि कांग्रेस ने किसानों के लिए ये किया था जो बीजेपी ने छीन लिया है। बीजेपी तो दे रही है। बीजेपी ने तो हरियाणा में सारी फसलों का एमएसपी दे दिया, कांग्रेस तो नहीं दे पाई, जबकि उनकी सरकार भी यहां पर थी।”
बीजेपी ने हरियाणा में किसानों को 24 फसलों पर एमएसपी दिया
अनिल विज ने आगे कहा, “सिर्फ भाषणों ने पेट नहीं भरता है। पेट भरने के लिए कुछ न कुछ करना पड़ता है। हमने बिना उनके कहे ही हरियाणा में 24 फसलों पर एमएसपी दे दिया। वास्तविकता तो ये है कि जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। प्रजातंत्र में जनता के फैसले को सर माथे पर लगाना चाहिए। राहुल गांधी का देश में नई-नई बातों से अस्थिरता पैदा करना काम हो गया है।”
बता दें कि किसानों ने एमएसपी के लिए कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों को लेकर किसान दिल्ली की ओर कूच करने के लिए पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर डटे हुए हैं।
