नूंह हिंसा पर सीएम खट्टर ने बुलायी समीक्षा बैठक, राज्यसभा में उठा नूंह हिंसा का मुद्दा,

हरियाणा के नूंह जिले में सोमवार को हुयी हिंसा के बाद से स्थिति तनाव पूर्ण है। जिले में दो दिन के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं हालात पर काबू पाने के लिए और शांति बहाल करने के लिए पैरामिल्ट्री कंपनियों को तैनात किया गया है। गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग सेंटर की छुट्टी का आदेश दिया गया है। नूंह जिले में हुयी हिंसा को देखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने समीक्षा बैठक की। इस बैठक में गृहमंत्री अनिल विज, मुख्य सचिव संजीव कौशल, मुख्यमंत्री के प्रधान मुख्य सचिव डी एस ढेसी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ अमित कुमार अग्रवाल, पुलिस महानिदेशक पी के अग्रवाल और एडीजीपी सीआईडी अलोक मित्तल वर्चुअल तरीके से बैठक में शामिल हुए।

बैठक के बाद सीएम खट्टर ने कहा

सीएम मनोहर लाल खट्टर ने नूंह में उत्पन्न हुयी स्थिति पर बैठक की। सीएम ने कहा फ़िलहाल नूंह समेत सभी जगहों पर स्थिति सामान्य है। इस हिंसा में पांच लोगों की मौत हुयी है जिसमे दो होमगॉर्ड और तीन आम नागरिक हैं। नूंह में जो भी कुछ हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है। किसी भी उपद्रवी को बक्शा नहीं जायेगा। सभी नागरिकों से अपील है कि शांति बनाये रखने के लिए आगे आएं।

राज्यसभा में उठा नूंह हिंसा का मुद्दा

अब राज्यसभा में भी नूंह हिंसा का मुद्दा उठ गया है। आम आदमी पार्टी के सांसद सुशील गुप्ता और संजीव अरोड़ा ने राज्यसभा में भी इस मुद्दे पर चर्चा के लिए नोटिस दिया है। आप सांसद राज्यसभा में इस मुद्दे पर चर्चा करना चाहते हैं।

नूंह हिंसा को लेकर अरविन्द केजरीवाल ने किया ट्वीट

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने नूंह हिंसा को लेकर ट्वीट किया और लिखा – हरियाणा के नूंह (मेवात ) में सांप्रदायिक हिंसा बेहद परेशान करने वाली है। पूर्वोत्तर में मणिपुर के बाद अब हरियाणा में इस तरह की वारदात अच्छे संकेत नहीं हैं। इसके बाद सीएम केजरीवाल ने आगे लिखा- हरियाणा की समस्त जनता से मेरी हाथ जोड़कर प्रार्थना है कि ऐसे नाजुक समय में हम शांति और भाईचारा कायम रखें। अमन विरोधी तागतों और हिंसा की सियासत को हमें मिलजुल कर हराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *