जी20 समिट के डिनर आयोजन के निमंत्रण पत्र पर कांग्रेस ने जतायी आपत्ति, बीजेपी ने किया कांग्रेस पर पलटवार

देश की राजधानी दिल्ली में 9-10 सितंबर को जी20 समिट का आयोजन हो रहा है। जी20 समिट के दौरान डिनर के लिए राष्ट्रपति द्वारा भेजे गए उस निमंत्रण पत्र पर विवाद छिड़ गया है, जिस पर प्रेसिडेंट ऑफ़ इंडिया की जगह प्रेसिडेंट ऑफ़ भारत लिखा है। इस निमंत्रण पत्र को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कड़ी आपत्ति जतायी है।

कांग्रेस का आरोप

राष्ट्रपति भवन की ओर से जी20 समिट के उपलक्ष्य में 9 सितम्बर को होने वाले रात्रिभोज के लिए प्रेसिडेंट ऑफ़ इंडिया की जगह प्रेसिडेंट ऑफ़ भारत के नाम से निमंत्रण पत्र भेजे जाने पर कांग्रेस ने कहा कि यह राज्यों के संघ पर हमला है।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “तो ये खबर वास्तव में सच है। राष्ट्रपति भवन ने 9 सितंबर को होने वाले जी-20 डिनर के लिए जो न्योता भेजा है, उसमें प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया की जगह प्रेसिडेंट ऑफ भारत लिखा है। संविधान के आर्टिकल 1 में लिखा है कि भारत जो कि इंडिया है एक राज्यों का समूह होगा। अब तो राज्यों के समूह पर भी हमला हो रहा है।”

बीजेपी ने किया पलटवार

कांग्रेस की इस आपत्ति पर बीजेपी ने कांग्रेस पर पलटवार किया। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा एक्स पर लिखा, “कांग्रेस को देश के सम्मान और गौरव से जुड़े हर विषय से इतनी आपत्ति क्यों है? भारत जोड़ो के नाम पर राजनीतिक यात्रा करने वालों को भारत माता की जय के उद्घोष से नफरत क्यों है? स्पष्ट है कि कांग्रेस के मन में न देश के प्रति सम्मान है, न देश के संविधान के प्रति और न ही संवैधानिक संस्थाओं के प्रति। उसे तो बस एक विशेष परिवार के गुणगान से मतलब है। कांग्रेस की देश विरोधी एवं संविधान विरोधी मंशा को पूरा देश भलीभांति जानता है। ”

बीजेपी के महासचिव तरुण चुग ने कहा, ‘भारत बोलने पर, भारत लिखने पर क्या दिक्कत है आपको? आपको क्यों शर्म आ रही है? कांग्रेस को स्पष्ट करना पड़ेगा कि कभी भारत माता की जय पर आपको ऐतराज है, वंदे मातरम पर ऐतराज है। यह कांग्रेस का संविधान विरोधी चेहरा है। हमारी मातृभूमि का नाम भारत है, संविधान में स्पष्ट किया गया है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘इटली का चश्मा पहनकर कांग्रेस के लोगों का मानसिक दिवालियापन हो गया है। भारत देश के कण कण में है। इसे कोई मिटा नहीं सका है। ये जो नए नए खिलजी आए है ये भी मिटा नही पाएंगे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *