अखिलेश यादव के मठाधीश और माफिया में ज्यादा अंतर नहीं वाले वयान पर सीएम योगी का जोरदार हमला
उत्तर प्रदेश में दस सीटों पर जल्द ही उपचुनाव होने वाले हैं। उपचुनावों की तैयारी में सीएम योगी आदित्यनाथ और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच की जुबानी जंग संस्कारों तक पहुंच गयी है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने संस्कारों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि ये उनके संस्कार है जो भारत की संत परंपरा को माफिया कहते हैं।
सीएम योगी का अखिलेश यादव पर हमला
सीएम योगी आदित्यनाथ कल बुधवार को गाज़ियाबाद पहुंचे। जहाँ उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि माफियाओं के सामने नाक रगड़ने वाला व्यक्ति, दंगाईयों के सामने घुटने टेकने वाला व्यक्ति आज भारत की संत परंपरा को माफिया कहता है, ये उनके संस्कार है। सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश यादव में औरंगजेब की आत्मा घुस गई है जो फिर से इनको हिन्दू विरोधी आचरण के लिए फिर से प्रोत्साहित कर रही है।
सीएम योगी ने कहा कि अगर सपा का सही चेहरा देखना हो तो उनका चेहरा वहीं है जो भदरसा में समाजवादी पार्टी के नेता मोइद खान ने किया है। कन्नौज में इनका एक नवाब सिंह यादव है उसने भी एक बेटी से ऐसा ही कृत्य किया है। सीएम योगी ने 2017 से पहले सपा सरकार का ज़िक्र करते हुए कहा कि दस साल पहले सपा की सरकार में यूपी में अराजकता का माहौल होता था। महिलाएं असुरक्षित थी और गुंडा टैक्स लेने वालों के सामने सरकार के लोग नतमस्तक रहते थे।
दरअसल सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी में फर्जी एनकाउंटर को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि मठाधीश और माफिया में ज्यादा अंतर नहीं है। साथ में उन्होंने यह भी कहा था कि बीजेपी यूपी में चुनाव हार गयी है, इसलिए सीएम गुस्से में घूम रहे हैं। उन्होंने प्रदेश को एनकाउंटर की राजधानी बना दिया है। नकारात्मक दिल और दिमाग वाले लोग विनाश ही कर सकते हैं विकास नहीं। जो हार्ट लेस है उनसे कोई उम्मीद नहीं की जा सकती है।
अखिलेश यादव के मठाधीश वाले वयान पर साधु संतों ने कड़ी आपत्ति जताई, जिसके बाद यूपी में कई जगह उनके वयान का विरोध भी देखने को मिला है।
