यूपी विधानसभा उपचुनाव में मिल्कीपुर सीट पर बीजेपी ने सपा को बड़े अंतर से हराया
उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार चन्द्रभानु पासवान ने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अजीत प्रसाद को 61,540 मतों के बड़े अंतर से हराया है। इस सीट पर भी 5 फरवरी को ही चुनाव हुआ था।
इस उपचुनाव में कुल 65.25 प्रतिशत मतदान हुआ था। जिसमे बीजेपी और सपा के बीच सीधा मुकाबला था। चन्द्रभानु पासवान की इस जीत को बीजेपी नेताओं ने सपा के अहंकार के टूटने के रूप में देखा है।
मिल्कीपुर सीट पर बीजेपी ने जमाया कब्ज़ा
यह उपचुनाव सपा सांसद अवधेश प्रसाद के फ़ैजाबाद लोकसभा सीट चुने जाने के बाद मिल्कीपुर विधानसभा सीट के खाली होने के कारण आयोजित किया गया था। अवधेश प्रसाद के पुत्र अजीत प्रसाद सपा के उम्मीदवार थे, लेकिन वे अपने ही बूथ पर हार गए। इस जीत के साथ ही बीजेपी ने अयोध्या जिले की मिल्कीपुर सीट पर अपना कब्ज़ा जमा लिया है, जो पहले सपा के पास थी।
मिल्कीपुर सीट पर जीत के बाद सीएम ने दिया बयान
मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में बीजेपी की जीत के बाद, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस समाजवादी पार्टी के परिवारवाद और झूठ की राजनीती की हार बताया। उन्होंने कहा कि सपा अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए झूठ की राजनीती करती है। लेकिन जनता ने इसे नकार दिया है।
वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इस जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मिल्कीपुर में कमल खिलने जा रहा है। उन्होंने सपा की गुंडागर्दी की आलोचना की और कहा कि जनता ने सपा को नकार दिया है।
अखिलेश यादव ने चुनाव के परिणाम पर सवाल उठाया
वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रिय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव के परिणाम पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मिल्कीपुर उपचुनाव में फर्जी वोटिंग हुयी है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से जाँच की मांग की और कहा कि झूठी जीत के घपलेबाज अफसरों को तगड़ी सजा मिलनी चाहिए।
इस जीत के साथ, बीजेपी ने अयोध्या जिले की मिल्कीपुर सीट पर अपना कब्ज़ा जमा लिया है। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इस जीत का जश्न मनाया और इसे पार्टी की नीतियों और नेतृत्व की सफलता का परिणाम बताया।
