दिल्ली चुनाव में जीत के बाद गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर हुयी बीजेपी की बैठक, जल्द होगा सीएम का एलान
कल शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित हुए, जिसमे बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की। 2025 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद 27 साल बाद बीजेपी दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से 48 पर बीजेपी ने जीत हासिल की, जबकि आप को मात्र 22 सीटें ही मिली। वहीं कांग्रेस इस चुनाव में अपना खाता भी नहीं खोल पायी। अब बीजेपी दिल्ली में सरकार बनाने की तैयारी में लग गयी है।
दिल्ली में सरकार गठन और सीएम के नाम पर चर्चा करने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर बैठक हुयी। इस बैठक में जेपी नड्डा, बैजयंत पांडा और बीएल संतोष भी मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में सीएम और मंत्री पद के लिए नामों पर चर्चा हुयी।
इससे पहले कल शाम बीजेपी दफ्तर में पीएम मोदी, जेपी नड्डा, अमित शाह के साथ शपथग्रहण और दिल्ली में बनने वाली सरकार की रूपरेखा को लेकर चर्चा हुई थी। सूत्रों के अनुसार पीएम मोदी के विदेश दौरे के बाद सीएम के नाम का एलान हो सकता है। पीएम मोदी 14 फरवरी की रात को अपने दौरे से वापिस आएंगे। उसके बाद ही शपथ ग्रहण हो सकता है। इस शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए इसमें एनडीए के सभी नेता शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा सभी एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी इस शपथ ग्रहण में बुलाया जायेगा।
आईएएनएस की एक रिपोर्ट के अनुसार बीजेपी दिल्ली के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा आज शाम सभी जीते हुए विधायकों से मुलाकात कर सकते हैं। इस मुलाकात के दौरान वे सभी जीते हुए विधायकों को बधाई देंगे और सरकार बनाने को लेकर चर्चा कर सकते हैं।
आतिशी ने दिया इस्तीफा
वहीं दिल्ली की सीएम आतिशी ने विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को मिली हार के बाद आज रविवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंप दिया। अधिकारियों ने बताया कि आतिशी ने राज निवास में उपराज्यपाल वीके सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंपा। पार्टी को भले ही करारी हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन आतिशी अपनी कालकाजी सीट बचाने में सफल रहीं।
