दिल्ली में सरकार और विपक्ष में आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू, आतिशी ने बीजेपी पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
दिल्ली में नयी सरकार के गठन के बाद सरकार और विपक्ष के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच पूर्व सीएम आतिशी ने दिल्ली की नवनिर्वाचित सीएम रेखा गुप्ता से मुलाकात की। इस मुलाकात में आतिशी द्वारा सीएम से दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह देने की बात की गयी। सीएम से हुयी मुलाकात पर आतिशी ने कहा कि हमने सीएम से महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह देने के वादों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ”पीएम मोदी ने 8 मार्च तक 2500 रुपये देने का वादा किया था। हमने उनसे कहा है कि तो वो वादा जरूर निभाना। उनका कहना है कि हम लोग 99 प्रतिशत आश्वस्त हैं कि 8 मार्च तक पैसा मिल जाएगा।”
सीएम से मिलने का समय नहीं दिया गया– आतिशी
पूर्व सीएम आतिशी ने बीजेपी पर हमलावर होते हुए कहा, ”हमने दो दिनों से सीएम से मिलने के लिए समय मांगा हुआ था। लेकिन हमें समय नहीं मिला। हम आज सत्र के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मिलने के लिए गए। हमने उनसे कहा कि पहली कैबिनेट में फैसले लेने का वादा था, वो वादा तो टूट गया है। 8 मार्च को हम उम्मीद करते हैं कि महिला सम्मान योजना की पहली किस्त मिल जाएगी।”
आतिशी ने आगे कहा, ”दिल्ली की जनता ने हमें विपक्ष की भूमिका सौंपी है, और हम एक मजबूत विपक्ष के रूप में यह सुनिश्चित करेंगे कि बीजेपी सरकार दिल्लीवालों से किए अपने सभी वादे पूरे करें। चुनाव के दौरान पीएम मोदी ने दिल्ली की सभी महिलाओं को ₹2500/महीना देने की गारंटी दी थी। हम बीजेपी सरकार से यह वादा जरूर पूरा करवायेंगे। आम आदमी पार्टी जनता के मुद्दों को सदन में पूरी ताकत से उठाएगी। दिल्ली और दिल्लीवालों के हक की लड़ाई जारी रहेगी।”
वादाखिलाफी के आरोप पर बीजेपी का जवाब
आम आदमी पार्टी द्वारा बीजेपी पर वादाखिलाफी का जो आरोप लगाया गया है, उसका जवाब देते हुए बीजेपी नेता डॉ पंकज सिंह ने जवाब देते हुए कहा, “हम जनता से झूठे वादे नहीं करते। हमने जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करने के लिए पूरी सरकार काम कर रही है।”
