यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना और किया दावा
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बीच की जुबानी जंग किसी से छुपी हुयी नहीं है। दोनों ही नेता मौका मिलने पर एक दूसरे पर वार-पलटवार करने से नहीं चूकते हैं। इसी कड़ी में यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी का यूपी की सत्ता में आने का कोई भविष्य नहीं है। उन्हें पहले अभी विपक्ष की भूमिका संभालना सीखना है।
दरअसल डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को शाहजहांपुर पहुंचे थे। जहाँ उन्होंने उखरी गांव में ग्राम विकास विभाग की चौपाल और स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित उत्पादों की स्टॉलो का निरीक्षण किया। इसके बाद डिप्टी सीएम ने यहाँ एक जनसभा को भी सम्बोधित किया। इस सभा में उन्होंने विपक्षियों पर जमकर निशाना साधा।
बीजेपी सरकार के काम गिनाये
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए अपनी सरकार के काम गिनाये। उन्होंने कहा बीजेपी की सरकार आने के बाद देश में बहुत कुछ बदल गया है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण और जम्मू कश्मीर से धारा 370 का हटना इसका उदाहरण है। इसी के साथ उन्होंने सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आगे कहा पहले कांग्रेस की सरकार ने सेना के हाथ बांध दिए थे। लेकिन पीएम मोदी के आने के बाद से सेना का मनोबल बढ़ा है।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
जब केशव प्रसाद मौर्य से पत्रकारों ने अखिलेश यादव को लेकर सवाल किया तो उन्होंने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का सत्ता में आने का कोई भविष्य नहीं है। मुझसे कई ज्योतिषियों ने यह बात कही है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, ” अखिलेश यादव या उनकी पार्टी का.. या उनके परिवार का.. उत्तर प्रदेश में सत्ता में आने का कोई भविष्य नहीं हैं, मुझे कई ज्योतिषियों ने ये बात बताई है। उनके लिए कोई अच्छा भविष्य नहीं है। इसलिए पहले वो विपक्ष की भूमिका निभाना सीख लें, फिर सत्ता के बारे में सोचें।”
