देवेंद्र फडणवीस के वोट जिहाद वाले वयान पर संजय राउत ने साधा निशाना, कहा देश को तोड़ना चाहते हैं
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के वोट जिहाद वाले वयान पर सियासी हंगामा शुरू हो गया है। शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत ने देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा है कि ये देश को तोड़ना चाहते हैं।
सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा, ”क्या होता है वोट जिहाद? इस देश का नागरिक मुसलमान, जैन, हिंदू, पारसी सब हैं, सभी वोट करते हैं, अगर वे बीजेपी को वोट करते हैं तो चलता है? वोट जिहाद की बात है तो आप (बीजेपी) मुसलमान महिलाओं के लिए तीन तलाक का कानून क्यों लाए? आपको और समाज के लोग वोट देते हैं तो आप क्या कहेंगे। महाराष्ट्र में गुजरात के लोग आपको वोट देते हैं तो आप क्या कहेंगे? गुजरातियों का वोट जिहाद कहेंगे? फडणवीस जैसे लोग देश को तोड़ना चाहते हैं। ये गांधी जी का देश है। इस तरह का वयान दे रहे हैं। ये सब उनके दिमाग का कचरा है।”
देवेंद्र फडणवीस का वयान
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हाल ही में ‘वोट जिहाद’ का जिक्र किया है। उन्होंने लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में लगे झटके का जिक्र करते हुए कहा था, ”कुछ लोगों को लगता है कि हमारी संख्या भले ही कम हो, लेकिन हम संगठित मतदान करके हिंदुत्व वादियों को पराजित कर सकते हैं।”
