दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह का दिन और तारीख तय, तैयारियां शुरू हुईं
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह का दिन और तारीख तय हो गयी है। दिल्ली के नए मुख्यमंत्री और सरकार गठन के लिए शपथ ग्रहण समारोह 20 फरवरी को शाम 4.30 बजे होगा। यह समारोह दिल्ली के रामलीला मैदान में होगा। इसके लिए तैयारियां भी शुरू हो गयी हैं।
शपथ ग्रहण और सरकार गठन के लिए आज शाम बीजेपी के शीर्ष नेताओं की बैठक होगी। इस बैठक में विधायक दल की बैठक के लिए समय और तारीख भी तय होगी। इस बैठक में दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली बीजेपी संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। बैठक में शपथ ग्रहण समारोह के इंचार्ज विनोद तावड़े और तरूण चुग भी मौजूद रहेंगे। बैठक में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों, सीटिंग अरेंजमेंट और गेस्ट लिस्ट को फाइनल किया जायेगा।
27 साल बाद दिल्ली में बीजेपी की वापिसी
दिल्ली में पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने बड़ी जीत हासिल की। बीजेपी ने 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापिसी की है। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों में से बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत हासिल की। जबकि आम आदमी पार्टी को 22 सीटें मिली। वहीं कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली।
शपथ ग्रहण और सरकार गठन में हो रही देरी को लेकर विपक्षी पार्टियां बीजेपी पर सवाल उठा रही हैं। आम आदमी पार्टी की नेता और कार्यवाहक सीएम आतिशी ने कहा, ”दिल्ली चुनाव के नतीजे आए दस दिन बीत गए हैं। दिल्ली वालों ने उम्मीद की थी कि 10 फरवरी को शपथ ग्रहण होगा और फिर उनका काम शुरू होगा, लेकिन जनता इंतजार करती रह गई। इससे यह साबित हो गया है कि बीजेपी के पास दिल्ली की सरकार चलाने के लिए सीएम का एक भी चेहरा नहीं है।”
सीएम पद की रेस में शामिल नेता
दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की रेस में प्रवेश वर्मा, बीजेपी की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय शामिल हैं। इसके साथ ही पवन शर्मा, आशीष सूद, रेखा गुप्ता और शिखा राय सहित अन्य को भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रूप में देखा जा रहा है।
