दिल्ली सीएम के लिए तीन नाम रेस में, शपथ ग्रहण से पहले होगा सीएम के नाम का एलान
दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों को घोषित हुए एक हफ्ता बीत चुका है। लेकिन विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद अभी तक बीजेपी ने दिल्ली के नए सीएम के नाम का एलान नहीं किया है। माना जा रहा है कि 19 फरवरी को दिल्ली में शपथ ग्रहण का समारोह हो सकता है। इसी बीच एक खबर सामने आ रही है कि सीएम की रेस में अब तक सबसे आगे चल रहे प्रवेश वर्मा का नाम सीएम की रेस से बाहर हो गया है।
सूत्रों के अनुसार बीजेपी दिल्ली के सीएम पद के लिए मनजिंदर सिंह सिरसा, जितेंद्र महाजन और रेखा गुप्ता के नाम पर विचार कर रही है। इन्हीं तीन में से कोई एक दिल्ली का नया सीएम हो सकता है।
जिस तरह सीएम के नाम को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। उससे जनता के सब्र का बांध भी टूटता नजर आ रहा है। सभी यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि दिल्ली का नया सीएम कौन होगा। इसी बीच खबर है कि बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व सीएम पद के लिए तीन नामों पर चर्चा कर रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि जल्द ही इस पर फैसला आएगा और एक दो दिन में पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति कर दी जाएगी। इसके बाद विधायक दल की बैठक होगी और इसी बैठक में सीएम चेहरे का ऐलान किया जाएगा।
आने वाले चुनावों के समीकरण पर नजर
दिल्ली में सीएम के नाम को लेकर पार्टी की सोच बहुत दूर की है। साल के अंत में बिहार में विधानसभा चुनाव है। इसी के साथ 2027 की शुरुआत में उत्तर प्रदेश और पंजाब में चुनाव हैं। ऐसे में जिन भी राज्यों में एक दो साल में चुनाव होने हैं, उनके भी समीकरणों को ध्यान में रखा जा रहा है। साथ ही, क्षेत्रीय-जातीय समीकरणों पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
पंजाब को देखते हुए मनजिंदर सिंह सिरसा का नाम सीएम रेस में सबसे आगे चल रहा है। साथ ही, जिस तरह से हरियाणा में बीजेपी ने तीसरी बार जीत दर्ज कर सरकार बनाई है, इसका भी ध्यान रखते हुए सिरसा का नाम सीएम रेस में है, क्योंकि वह हरियाणा से ही आते हैं।
दूसरा नाम जीतेंद्र महाजन का है। महाजन एक आम आदमी की तरह रहते हैं और कई बार विधायक रहे हैं। महाजन ने सदन के अंदर जिस तरह से अपनी कार्यशैली दिखाई है, इसलिए उनके नाम की चर्चा भी काफी तेज हो रही है।
अगर बीजेपी दिल्ली में महिला नेतृत्व देना चाहती है, तो रेखा गुप्ता के नाम का ऐलान कर सकती है। यही वजह है कि उनके नाम को लेकर भी चर्चा हो रही है।
