देश के प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा का निधन, गृहमंत्री अमित शाह सहित अन्य नेताओं ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

देश के प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा जी का बुधवार रात को निधन हो गया। वह बीते कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई स्थित वर्ली शमशान में किया जाएगा। रतन टाटा के पार्थिव शरीर को जनता के अंतिम दर्शन के लिए एनसीपीए लॉन में रखा गया है। एनसीपीए लॉन में जहां रतन टाटा का पार्थिव शरीर रखा गया है, वहां सर्व धर्म प्रार्थना हो रही है। सिख समुदाय की तरफ से प्रार्थना हो रही है। सिख धर्मगुरु अरदास प्रार्थना कर रहे हैं। हिंदू धर्म गुरु, मुस्लिम धर्म गुरु भी उपस्थित हैं। सभी धर्म के गुरु बारी-बारी से शांति प्रार्थना पाठ कर रहे हैं।

प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर पूरे देश में शोक का माहौल है। सोशल मीडिया पर देश की जनता उनको भावपूर्ण श्रद्धांजलि दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएल टाटा से बात की और अपनी संवेदनाएं प्रकट की।

रतन टाटा से मेरा खास नाताअमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भारत सरकार की तरफ से रतन टाटा के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। रतन टाटा के अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली से मुंबई रवाना होते वक्त अमित शाह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि रतन टाटा जी का निधन हो गया है। मुझे मुंबई जाना पड़ रहा है। मेरा उनसे बहुत खास नाता रहा है। उन्होने टाटा समूह को उस लेवल पर संभाला जब वह इतना ऊंचा नहीं था। साथ ही उन्होंने अपने ट्रस्ट से भारत के लिए बहुत कुछ किया। आज रतन टाटा जी नहीं रहे, लेकिन उनकी लेगेसी वह छोड़ कर जा रहे हैं। रतन टाटा सच्चे राष्ट्रभक्त थे।

देश के विकास में महत्त्वपूर्ण योगदानहरदीप सिंह पुरी

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रतन टाटा जी के निधन पर कहा, “रतन टाटा ने सिर्फ व्यापार साम्राज्य को ही नहीं बढ़ाया, बल्कि देश के विकास के लिए उनका योगदान महत्वपूर्ण है। वह सचमुच एक अद्वितीय व्यक्ति थे, यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे उनसे कई बार मिलने का अवसर मिला है। जब उन्होंने एयर इंडिया के अधिग्रहण के लिए बोली लगाई तो हमने उनसे बात की। एयर इंडिया का अधिग्रहण एक साहसिक कदम था। यह आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने यह किया। उन्हें न केवल आधुनिक भारतीय अर्थव्यवस्था और विकास के ताने-बाने को गढ़ने वाले एक प्रमुख योगदानकर्ता के रूप में जाना जाता रहेगा, बल्कि वे एक महान व्यक्ति के रूप में भी जीवित रहेंगे। जब भी मैं उनसे मिला, मैंने कुछ न कुछ सीखा।”

संजय सिंह ने दी श्रद्धांजलि

आप नेता संजय सिंह ने रतन टाटा जी के निधन कहा, “देश में ईमानदारी से व्यापार करके कैसे लोगों की सेवा की जा सकती है, कैसे अपने व्यापार का विस्तार किया जा सकता है और कैसे देश ही नहीं दुनिया में नाम कमाया जा सकता है, इसका सबसे बड़ा उदाहरण टाटा समूह है। रतन टाटा का निधन व्यापार जगत, देश और हम सबके लिए दुखद है। मैं ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *