बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार पर उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
महाराष्ट्र में शिवसेना यूबीटी के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मातोश्री में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लोकसभा सत्र का जिक्र करते हुए कहा कि संसद में महत्वपूर्ण विषयों को न उठाकर दूसरे विषयों पर ध्यान दिया जा रहा है। देश सब देख रहा है।
इसी दौरान उद्धव ठाकरे ने बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार का जिक्र करते हुए कहा, “बांग्लादेश में हिन्दुओं पर अत्याचार हो रहा है। वहां इस्कॉन मंदिर जला दिया गया, फिर भी हम चुप हैं। ‘विश्वगुरु’ पीएम मोदी चुप हैं। उनसे मेरी विनती है कि उन्होंने एक फोन कर यूक्रेन और रूस का युद्ध रुकवा दिया था, तो इस पर भी थोड़ा ध्यान दे दें। बांग्लादेश में हिन्दुओं पर अत्याचार हो रहे हैं, यह उनके ध्यान में नहीं आ रहा है। इसी तरह मणिपुर के हाल पर उनका ध्यान नहीं है। मेरी विनती है कि संसद में इन मुद्दों पर भी चर्चा करें।”
बीजेपी का हिंदुत्व चुनाव तक
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्धव ठाकरे ने एक राष्ट्र एक चुनाव पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी का हिंदुत्व चुनाव तक आकर ही ख़त्म हो जाता है। उनके हिन्दुत्व की व्याख्या सिर्फ चुनाव तक है।
उद्धव ठाकरे के अलावा संजय राउत ने भी बीजेपी पर एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि नरेंद्र मोदी की सरकार यह प्रस्ताव अपने स्वार्थ के लिए ला रही है। इसके साथ ही संजय राउत का कहना है कि उन्हें नहीं लगता कि नरेंद्र मोदी साल 2029 तक प्रधानमंत्री बने रह पाएंगे।
