जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में एक कर्नल सहित सुरक्षाबल के तीन अधिकारी शहीद

बुधवार 13 सितंबर को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के कोकेरनाग इलाके में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में सेना के कर्नल, मेजर और डीएसपी शहीद हो गए। अधिकारीयों के ये जानकारी दी।

अधिकारीयों ने बताया कि कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष, जम्मू कश्मीर पुलिस के डीएसपी हुमायूं भट्ट गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि भट्ट की जान अत्यधिक खून बह जाने के कारण से हुयी। अधिकारियों ने आगे कहा कि गाडोले इलाके में आतंकियों के खिलाफ अभियान मंगलवार (12 सितंबर) की शाम को शुरू हुआ था, लेकिन रात में इसे रोक दिया गया था। उन्होंने बताया कि बुधवार की सुबह आतंकवादियों की तलाश फिर शुरू की गई जब सूचना मिली कि उन्हें एक ठिकाने पर देखा गया है।

सरकार ने जताया दुःख

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने दुःख जताते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ”जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियान में दो सैन्य अधिकारियों और एक पुलिस अधिकारी की शहादत के बारे में जानकर बहुत दुःख हुआ। मैं दिवंगत आत्माओं की सद्गति के लिए प्रार्थना करता हूं और उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।”

जम्मूकश्मीर के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा

जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला ने सुरक्षाबलों के शहीद होने पर दुःख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ”जम्मू-कश्मीर से बेहद भयानक खबर सामने आई। दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग इलाके में एक मुठभेड़ में सेना के कर्नल, मेजर और जम्मू-कश्मीर पुलिस डीएसपी ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में डीएसपी हुमायूं भट्ट, मेजर आशीष और कर्नल मनप्रीत सिंह ने अपनी जान गंवा दी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें और उनके प्रियजनों को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *