राहुल गाँधी ने गुजरात से बीजेपी पर साधा निशाना, कहा हम बीजेपी को यहाँ हराने वाले हैं
आज शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गाँधी गुजरात के दौरे पर हैं। इस दौरान राहुल गाँधी गुजरात कांग्रेस के नेताओं से मिले। वे राजकोट गेम जोन हादसे, मोरबी ब्रिज और सूरत हादसे में पीड़ितों से भी मिले। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधा। बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा हम बीजेपी को गुजरात में हराने वाले हैं और कांग्रेस का कोई भी कार्यकर्त्ता किसी से भी नहीं डरता है।
राम मंदिर को लेकर साधा निशाना
राहुल गाँधी ने अयोध्या में बने राम मंदिर को लेकर बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “बीजेपी की पूरी मूवमेंट राम मंदिर अयोध्या की थी। शुरुआत आडवाणी जी ने की थी, रथयात्रा निकाल कर। कहा जाता है नरेंद्र मोदी जी ने उस रथयात्रा में आडवाणी जी की मदद की थी। मैं संसद में सोच रहा था कि उन्होंने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की और प्राण प्रतिष्ठा में अडानी अंबानी जी दिख गए लेकिन गरीब व्यक्ति नहीं दिखा। संसद में मैंने अयोध्या के सांसद से पूछा कि बीजेपी ने अपनी पूरी राजनीति चुनाव से पहले राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की। लेकिन इंडिया गठबंधन अयोध्या में चुनाव जीत गया, यह क्या हुआ?”
इस पर राहुल गाँधी ने कहा कि अयोध्या के सांसद ने कहा राहुल जी मुझे पता लग गया था कि मैं वहां से चुनाव लड़ने वाला हूँ और जीतने भी वाला हूँ। मुझसे अयोध्या के लोग कहते थे कि अयोध्या में मंदिर बनाने के लिए हमारी ज़मीन ली गई, कई दुकानें घर तोड़े गए और सरकार ने आज तक लोगों को मुआवजा नहीं दिया। अयोध्या का बड़ा एयरपोर्ट बना उसमें अयोध्या के किसानों की जमीन गई, जिसमें किसानों को आज तक मुआवजा नहीं मिला। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में अयोध्यावासी ही नहीं थे।
बीजेपी को गुजरात में हराएंगे
कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने गुजरात कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा, “अब हम इनको सबक सिखाएंगे और इनकी सरकार को तोड़ेंगे। नरेंद्र मोदी वाराणसी से नहीं अयोध्या से चुनाव लड़ना चाहते थे। लेकिन हार के डर की वजह से वो वहां से चुनाव नहीं लड़े। हमने वाराणसी में कुछ गलती कर दी, लेकिन अयोध्या में हमने उन्हें हराया। इस बार हम उन्हें गुजरात में भी हराने जा रहे हैं। आप को डरना नहीं है।”
