एनसीपी चीफ शरद पवार ने इजरायल-हमास जंग को लेकर दिया बड़ा बयान, साथ ही पीएम मोदी पर साधा निशाना
एनसीपी चीफ शरद पवार ने मुंबई स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ रविवार को बैठक की। इस बैठक के दौरान शरद पवार ने इजरायल और हमास के बीच चल रही जंग को लेकर बड़ा बयान दिया।
शरद पवार ने इस जंग को लेकर कहा कि ”इजरायल-फलस्तीन की जंग विश्व शांति के लिए खतरा है। वहां के जमीन और घर फलस्तीन के थे, इजरायल का उस पर कब्जा हो गया।”
पीएम मोदी पर निशाना
एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने आगे कहा, ”देश के पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी की भूमिका फलस्तीन की मदद करने की थी। भारत ने कभी किसी की मदद नहीं की है, लेकिन वर्तमान प्रधानमंत्री ने दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से इजरायल का समर्थन कर मूल स्वामियों का विरोध किया है। एनसीपी की भूमिका स्पष्ट है कि वह मूल मालिकों और मेहनतकशों के पक्ष में है। ”
इजरायल–हमास की जंग को लेकर राजनीति
इजरायल और हमास की जंग को लेकर देश में खूब राजनीति हो रही है। कांग्रेस ने तो फलस्तीन को लेकर एक प्रस्ताव पारित कर दिया। जिसके बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला बोल दिया। असम के सीएम और बीजेपी नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने तो कांग्रेस पार्टी की तुलना पाकिस्तान से कर दी थी। असम के सीएम ने हमास समर्थकों के साथ सख्ती से पेश आने की बात भी कही।
एनसीपी के कार्यक्रम में शरद पवार समेत पार्टी के कई बड़े नेता पहुंचे। इस बैठक में एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इस दौरान वहां एनसीपी प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल, जीतेंद्र अवाद, अनिल देशमुख, राजेश टोपे समेत मुंबई के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
