राजस्थान में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अमित शाह में की कोर ग्रुप की बैठक, बीजेपी अपना सकती है एमपी मॉडल, इन दिग्गजों पर खेल सकती है दांव

राजस्थान में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। इसी के मद्देनजर गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार 27 सितंबर को कोर ग्रुप की बैठक के लिए जयपुर पहुंचे। बैठक में बीएल संतोष, सीपी जोशी, वसुंधरा राजे, राजेंद्र राठौड़, अर्जुन मेघवाल, कैलाश चौधरी, प्रह्लाद जोशी, अरुण सिंह, नितिन पटेल, कुलदीप बिश्नोई, विजया रहाटकर, राज्यवर्धन राठौर, सतीश पुनिया, नारायण पचोरिया समेत अन्य नेता मौजूद रहे। कोर ग्रुप की बैठक के बाद बीजेपी नेता सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी पहले से ही बुस्टअप है। राजस्थान में मजबूती से सरकार बनेगी। मेरा जितना काम था वो मैं करके आ गया हूँ।

मध्यप्रदेश के बाद अब राजस्थान के लिए भी बीजेपी की लिस्ट जल्द आ सकती है। अनुमान है कि इस कोर ग्रुप की बैठक के बाद पहली लिस्ट पर मुहर लगायी जा सकती है। लेकिन लिस्ट आने से पहले अटकलें तेज हैं कि राजस्थान में भी बीजेपी मध्य प्रदेश का फॉर्मूला अपना सकती है। यानी केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों को टिकट दिया जा सकता है।

चर्चाएं हैं कि लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत, केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी के अलावा राज्यवर्धन सिंह राठौड़, स्वामी सुमेधानंद सरस्वती और किरोड़ी लाल मीणा को बीजेपी उम्मीदवार बना सकती है।

राजस्थान में इन नेताओं पर दांव खेल सकती है बीजेपी

गजेंद्र सिंह शेखावत

शेखावत केंद्र सरकार में जलशक्ति मंत्री है और जोधपुर से लगातार दो बार से सांसद हैं। राजपूत जाति से आते हैं। जोधपुर में 10 विधानसभा सीटें हैं। 2018 के चुनाव में 2 पर बीजेपी ने जीत दर्ज की थी।

कैलाश चौधरी

कैलाश चौधरी केंद्र सरकार में कृषि राज्यमंत्री हैं। बाड़मेर से सांसद हैं। जाट समुदाय से आने वाले चौधरी बायतु से विधायक रह चुके हैं। बाड़मेर में विधानसभा की 7 सीटें हैं। 2018 में 1 सीट पर बीजेपी जीती थी.

स्वामी सुमेधानंद

स्वामी सुमेधानंद सीकर से लगातार दो बार सांसद है। पड़ोसी राज्य हरियाणा से ताल्लुक रखते है। जाट समुदाय से आने वाले सुमेधानंद पिपराली कस्बे में आश्रम में रहते हैं। सीकर में 8 विधानसभा सीटें हैं। 2018 में बीजेपी एक भी सीट नहीं जीत सकी थी।

ओम बिरला

लोकसभा स्पीकर हैं और कोटा से 2 बार सांसद और 3 बार विधायक रह चुके हैं। मारवाड़ी समुदाय से आते हैं। कोटा में कुल 6 विधानसभा सीटें हैं। 2018 में बीजेपी 3 सीटें जीती थी।

राज्यवर्धन सिंह राठौर

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। जयपुर ग्रामीण से लगातार 2 बार से सांसद हैं। केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री रह चुके हैं। जयपुर में कुल 19 विधानसभा सीटें हैं। 2018 के चुनाव में बीजेपी 6 सीटें जीती थी।

किरोड़ी लाल मीणा

मीणा राज्यसभा सांसद हैं। राजस्थान सरकार में मंत्री रह चुके हैं और 5 बार विधायक रहे हैं। मीणा जाति के बड़े नेताओं में शुमार हैं। दौसा में 5 विधानसभा सीटें हैं। 2018 में बीजेपी एक भी नहीं जीत सकी थी।

बीजेपी मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किए बगैर चुनाव में जाने के प्लान में है। यानि इस चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे चेहरा नहीं होंगी। ऐसे में बीजेपी के पास मुख्यमंत्री चुनने का मौका होगा।अपने विकास कामों को मुद्दा बनाएंगे। मोदी सरकार की योजनाएं बताएंगे और सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ने का संदेश दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *