केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा के अगले 30 वर्षों तक सत्ता में रहने का दावा किया। उन्होंने कहा कि यह भाजपा का युग है जिसमे भारत विश्व गुरु बनेगा। अमित शाह ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी पार्टी की जीत उसकी कड़ी मेहनत पर निर्भर करती है। यदि आप अपने लिए नहीं बल्कि देश के लिए जीते हैं, तो जीत आपकी होगी।
‘टाइम्स नाउ समिट 2025’ में अमित शाह ने कहा, “जब मैं भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष था तो मैंने कहा था कि भाजपा अगले 30 साल तक सत्ता में रहेगी। अभी तो केवल 10 साल ही बीते हैं।” उन्होंने ने कहा कि जब कोई पार्टी अच्छा प्रदर्शन करती है तो उसे जनता का भरोसा और जीतने का विश्वास मिलता है। लेकिन जो अच्छा प्रदर्शन नहीं करते, उनमें यह भरोसा नहीं होता।
टाइम्स नाउ समिट 2025 में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विभिन्न महत्त्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किये। उनके भाषण के नुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं :
आतंकवाद और नक्सलवाद पर नियंत्रण – अमित शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार वामपंथी उग्रवाद, उत्तर-पूर्वी अशांति और कश्मीर में अलगाववादी गतिविधियों पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पाया है। उन्होंने उल्लेख किया कि इन क्षेत्रों में लगभग 16000 युवाओं ने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में वापिसी की है।
चुनावी आत्मविश्वास – चुनावों में भाजपा की लगातार सफलताओं के संदर्भ में शाह ने कहा कि उनकी पार्टी की जीत उनके प्रदर्शन पर आधारित है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो दल प्रदर्शन नहीं करते, उनमे आत्मविश्वास की कमी होती है।
राहुल गाँधी के आरोपों का खंडन – संसद में बोलने नहीं दिए जाने के राहुल गाँधी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अमित शाह ने स्पष्ट किया कि संसद में बोलने का समय निर्धारित होता है और सभी को नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष को निर्धारित समय में अपनी बात रखनी चाहिए थी, बजाय इसके कि बाद में आरोप लगाएं।
समान नागरिक संहिता की प्रतिबद्धता – अमित शाह ने बताया कि भाजपा संविधान में उल्लिखित समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में एक समिति बनाई गई है जो इस विषय पर रिपोर्ट तैयार कर रही है और भाजपा शासित राज्यों में इसे लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा।
