बागेश्वर सीट को लेकर इंडिया गठबंधन के दो दलों में मनमुटाव, कांग्रेस ने सपा को बताया हार का जिम्मेदार, सपा ने किया पलटवार
लोकसभा चुनाव से पहले घोसी और बागेश्वर में उपचुनाव हुए। घोसी के उपचुनाव में सपा को जीत मिली लेकिन बागेश्वर के उपचुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा। बागेश्वर के उपचुनाव में मिली हार का ठीकरा कांग्रेस ने सपा के ऊपर फोड़ा। जिसके बाद से दोनों पार्टियों में जुबानी जंग तेज हो गयी।
कांग्रेस का सपा पर आरोप
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने तीन दिन पहले एक कार्यक्रम में कहा कि घोसी उपचुनाव में कांग्रेस ने सपा का साथ दिया। लेकिन बागेश्वर उपचुनाव में सपा ने अपना प्रत्याशी उतर दिया जिसकी वजह से कांग्रेस के प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस अध्यक्ष ने सपा पर आरोप लगते हुए कहा कि अखिलेश यादव की करनी और कथनी में अंतर है।
सपा ने किया पलटवार
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आरोपों का जवाब देते हुए सपा नेता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि बागेश्वर के उपचुनाव में कांग्रेस को लगा कि उन्हें सपा के साथ की जरूरत नहीं है। कांग्रेस ने राजनितिक शिष्टाचार तक निभाने की कोशिश तक नहीं की और न ही हमसे कोई मदद मांगी। रही बात घोसी चुनाव की तो हमने घोसी चुनाव से पहले राजनितिक शिष्टाचार निभाया और मदद के लिए कांग्रेस को चिट्ठी तक लिखी। उस चिट्ठी को लेकर मैं स्वयं उनके पास गया था। यदि कांग्रेस ने बागेश्वर उपचुनाव में हमसे मदद मांगी होती तो सपा अध्यक्ष अपना बड़ा दिल दिखाते हुए अपने प्रत्याशी का नाम वापिस ले लेते। लेकिन कांग्रेस ने ऐसा कुछ भी नहीं किया।
यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग ऐसे समय पर हुयी है जब इंडिया गठबंधन में सीटों के बटवारे को लेकर कोई फैसला नहीं हो सका है। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले समय में गठबंधन को और भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि सपा नेता का इन बातों पर कहना है कि इन बातों का इंडिया गठबंधन पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है क्योकि यह तो एक लोकल चुनाव था। लेकिन लोकसभा चुनाव में हम सब मिलकर बीजेपी के खिलाफ मजबूती से मुकाबला करने को तैयार हैं।
