पीडीए को लेकर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने सपा पर साधा निशाना, कहा हमारी सरकार ने भेदभाव को खत्म किया है

हाल ही में यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने एक बयान में कहा कि हमारी सरकार ने अगड़ी और पिछड़ी जातियों के बीच के भेदभाव को ख़त्म किया है। उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार सबका विकास, सबका साथ और सबका विश्वास की नीति पर चल रही है।

उनका यह बयान विपक्षी दलों की ओर से किये जा रहे आरोपों के जवाब में आया, जिनमें सरकार पर सामाजिक वर्गों के बीच भेदभाव का आरोप लगाया जा रहा था। मौर्या से यह स्पष्ट किया कि बीजेपी जाति के आधार पर नहीं, बल्कि विकास और समानता के आधार पर काम कर रही है।

सपा पर पीडीए को लेकर बोला हमला

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने समाजवादी पार्टी पर पीडीए गठबंधन को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर आरोप लगाया कि उनका पीडीए वास्तव में परिवार डेवलपमेंट एजेंसी है, जिसका उद्देश्य केवल अपने परिवार का विकास करना है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा की राजनीति परिवारवाद, दंगावाद और अराजकतावाद पर आधारित है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने हमेशा समाज को बांटने की राजनीति की है और उनका पीडीए केवल एक छलावा है। इसके अलावा मौर्या ने सपा पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि अखिलेश यादव कभी भी एक मजबूत, पिछड़े नेता को बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं।

दरअसल कुशीनगर के पडरौना कस्बे में आयोजित सम्राट अशोक के जयंती समारोह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य उपस्थित रहे। पहले सम्राट अशोक के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम हुआ। उसके बाद मंच से स्थानीय विधायक मनीष जायसवाल का संबोधन हुआ। सांसद विजय कुमार दुबे ने भी मंच से संबोधन किया। अपने संबोधन में इन सभी नेताओं ने सरकार के कार्यों की तारीफ की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *