दिल्ली कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के लिए उठाया बड़ा कदम

राजीव गांधी जनसेवा केंद्र की शुरुआत, सभी जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी भंग, बूथ स्तर पर संगठन विस्तार की योजना

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में राजधानी के सभी 14 जिलों में कार्यकारिणी बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाना और जनता की समस्याओं का समाधान करना रहा।

आदर्श नगर मेंराजीव गांधी जनसेवा केंद्रका उद्घाटन

इन बैठकों के दौरान आदर्श नगर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में देवेन्द्र यादव ने ‘राजीव गांधी जनसेवा केंद्र’ का शुभारंभ किया। इसके साथ ही आदर्श नगर जिला कांग्रेस की वेबसाइट www.adarshnagardcc.in भी लॉन्च की गई। इस केंद्र के माध्यम से दिल्ली सरकार की योजनाओं, पुलिस सेवाओं, डीडीए सुविधाओं, प्रमाण पत्र, शिक्षा, छात्रवृत्ति, सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और सहायता आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

देवेन्द्र यादव ने बताया कि यह पहल केवल एक शुरुआत है और जल्द ही दिल्ली के हर जिले में ऐसे जनसेवा केंद्र खोले जाएंगे, जिससे कांग्रेस पार्टी आम जनता के करीब पहुंच सके और उनकी समस्याओं को सीधे समझ सके।

सभी जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी भंग, नई नियुक्तियों की तैयारी

संगठनात्मक मजबूती के लिए यादव ने सभी जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की वर्तमान कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में मेहनती और सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाया जाएगा, जबकि केवल पद चाहने वालों को संगठन में जगह नहीं मिलेगी। कांग्रेस में हर कार्यकर्ता को बराबरी का हक मिलेगा और जो जमीनी काम करेगा, वही सम्मान पाएगा।

बूथ स्तर पर संगठन विस्तार, मंडल और सेक्टर का नया ढांचा

यादव ने कहा कि आने वाले समय में दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव को देखते हुए संगठन को और सक्रिय किया जा रहा है। इसके लिए ब्लॉक, मंडल और सेक्टर स्तर पर नए पदाधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। योजना के अनुसार:

  • एक ब्लॉक में औसतन 40-50 पोलिंग बूथ होंगे।
  • 20-25 बूथों पर एक मंडल और
  • 5-7 बूथों पर एक सेक्टर बनाया जाएगा।
    इन मंडल और सेक्टर का नाम स्थानीय कॉलोनी, गांव या सड़क के नाम पर रखा जाएगा, जिससे आम जनता से सीधा जुड़ाव बन सके।

जिला और ब्लॉक अध्यक्षों को मिले निर्देश

देवेन्द्र यादव ने सभी जिला और ब्लॉक अध्यक्षों से कहा है कि वे मंडल और सेक्टर गठन की प्रक्रिया को प्राथमिकता दें। इसके लिए एक विस्तृत बैठक आयोजित की जाए जिसमें जिला अध्यक्ष, पर्यवेक्षक, ब्लॉक अध्यक्ष, पूर्व विधायक, पार्षद और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हों। साथ ही मंडल और सेक्टर अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए 2-3 योग्य उम्मीदवारों की सूची तैयार की जाए, ताकि स्थानीय लोगों की राय के आधार पर उपयुक्त नेतृत्व तय किया जा सके।

जनता तक पहुंच बनाना ही कांग्रेस का लक्ष्य

देवेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का उद्देश्य है कि वह दिल्ली के हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे और उनकी समस्याओं को हल करे। ‘राजीव गांधी जनसेवा केंद्र’ इसी दिशा में एक प्रभावशाली पहल है। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता राहुल गांधी के मार्गदर्शन में दिल्ली कांग्रेस जनता की सेवा में पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *