रक्षामंत्री ने बेंगलुरु के एयरफोर्स स्टेशन येलहंका में एयरो इंडिया के 15वे संस्करण का उद्घाटन किया

सोमवार 10 फरवरी को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बेंगलुरु के एयरफोर्स स्टेशन येलहंका में एयरो इंडिया के 15वे संस्करण का उद्घाटन किया। इस दौरान वैश्विक अनिश्चितताओं का हवाला देते हुए कहा कि भारत एक बड़े देश के तौर पर हमेशा शांति और स्थिरता का हिमायती रहा है।

अपने सम्बोधन में रक्षामंत्री ने कहा, ‘‘हमारे लिए भारत की सुरक्षा या शांति एक दूसरे से अलग नहीं है। सुरक्षा, स्थिरता और शांति साझा विषय हैं और राष्ट्रीय सीमाओं से परे हैं। विदेशों से हमारे मित्रों (एयरो इंडिया में) की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि हमारे साझेदार एक पृथ्वी, एक कुटुंब, एक भविष्य के हमारे दृष्टिकोण को साझा करते हैं।’’

भारत हमेशा शांति और स्थिरता का हिमायती रहाराजनाथ सिंह

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘‘सुरक्षा के लिहाज से कमजोर रहकर कभी शांति हासिल नहीं की जा सकती। शांति का वट वृक्ष केवल शक्ति की जड़ों पर ही खड़ा हो सकता है। मेरा मानना ​​है कि हम सभी को एक साथ मजबूत होना होगा, तभी हम शांति सुनिश्चित कर पाएंगे। मजबूत होकर ही हम एक बेहतर विश्व व्यवस्था के लिए काम कर पाएंगे। अगर आप भारत के इतिहास का आकलन करेंगे, तो पाएंगे कि हमने न तो कभी किसी देश पर हमला किया है और न ही हम किसी शक्ति संघर्ष में शामिल रहे हैं। एक बड़े देश के तौर पर भारत हमेशा शांति और स्थिरता का हिमायती रहा है और जब मैं यह कह रहा हूं, तो यह सिर्फ कहने की बात नहीं है, बल्कि यह हमारे मूल आदर्श की बात है।’’

एयरो इंडिया के उद्देश्य बताये

एयरो इंडिया के उद्देश्य बताते हुए रक्षामंत्री ने कहा, ‘‘मेरा मानना ​​है कि इससे अधिक उपयुक्त विषय कोई और हो ही नहीं सकता। यह हमें बताता है कि यह ‘एयरो शो’ एक अरब से अधिक की आबादी वाले हमारे देश में एक अरब अवसरों को मूर्त रूप देने के अवसर से कम नहीं है। एयरो इंडिया का पहला महत्वपूर्ण उद्देश्य न केवल हमारी औद्योगिक क्षमता बल्कि हमारी तकनीकी प्रगति को भी पूरी दुनिया के सामने प्रदर्शित करना है। यह हमारे राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

उन्होंने आगे कहा, “इससे भी बड़ा उद्देश्य मित्र देशों के साथ हमारे सहजीवी संबंधों को और मजबूत करना है। आज एयरो इंडिया के मंच पर दुनिया भर से सरकारी प्रतिनिधि, उद्योग जगत के दिग्गज, वायुसेना के अधिकारी, वैज्ञानिक, रक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञ, स्टार्ट-अप, शिक्षाविद और विभिन्न अन्य हितधारक एक साथ आए हैं।”

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के महाकुंभ का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘मुझे लगता है कि आज से एयरो इंडिया के रूप में एक और महाकुंभ शुरू हो रहा है। जहां एक ओर प्रयागराज कुंभ आत्म-खोज का कुंभ है, वहीं दूसरी ओर एयरो इंडिया का महाकुंभ अनसुंधान का कुंभ है।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *