छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज, कट सकते हैं कई विधायकों के टिकट
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर आज गुरुवार शाम को कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। कांग्रेस छत्तीसगढ़ में अपने मौजूदा विधयक और मंत्रियों के टिकट को काट कर अन्य को प्रत्याशी बनाकर चुनाव में उतार सकती हैं। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस लगभग दो दर्जन विधायकों का टिकट काट सकती है। इसी के साथ यह भी खबर है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दो मंत्रियों के टिकट पर भी खतरा मंडरा रहा है। आतंरिक रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस ने लगभग 20 विधायकों के टिकट को काटने की तैयारी कर ली है। कांग्रेस के द्वारा चेहरे बदलने की रणनीति यह है कि विधायकों से नाराजगी कहीं सरकार पर भारी न पड़े।
कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की अहम बैठक
आज शाम छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का नाम तय करने के लिए कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होने वाली है। 90 सदस्यीय छत्तीसगढ़ विधानसभा में वर्तमान में कांग्रेस के 71 विधायक हैं। उधर छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अब तक दो सूचि जारी कर दी हैं। पहली सूचि में 21 और दूसरी सूचि में 64 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा हो चुकी है। जिसमे केंद्रीय मंत्री के नाम भी शामिल हैं। पिछले दिनों छत्तीसगढ़ की प्रभारी कुमारी शैलजा से भी पत्रकारों ने यह सवाल पूछा था कि क्या मौजूदा विधायकों के टिकट कटने वाले हैं, तो उन्होंने यह कहते हुए बात काट दी थी कि यह खबरें सिर्फ मीडिया में ही चल रही हैं। कुमारी शैलजा ने कहा था कि यह तो पत्रकारों से सुन रहे हैं। यह मीडिया में चर्चा चल रही होगी। हम हर सीट पर देखकर फैसला कर रहे हैं। हर सीट पर विश्लेषण किया जा रहा है. जनता और पार्टी से फीडबैक लिया जा रहा है। उसी के आधार पर फैसला लिया जाएगा। छत्तीसगढ़ में 7 नवंबर और 17 नवंबर को दो चरणों के तहत मतदान कराया जाएगा और मतगणना 3 दिसंबर को होगी। राज्य में 2 करोड़ 3 लाख 60 हजार 40 मतदाता हैं जिन्हें नवंबर में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना है।
