महाकुंभ को लेकर लालू यादव और ममता बनर्जी के बयान पर सीएम योगी ने विधानसभा में दिया जवाब
पिछले कुछ दिनों से महाकुंभ को लेकर आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा दिए गए बयान को लेकर विवाद चल रहा है। इन बयानों को लेकर जमकर सियासत हो रही है। इन बयानों पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में बुधवार को जवाब दिया।
सीएम योगी ने दिया जवाब
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में बुधवार को विपक्षी नेताओं द्वारा दिए गए बयानों पर जवाब देते हुए कहा कि ये क्या है? ये गैरजिम्मेदाराना बयान है। सपा, कांग्रेस और आरजेडी और टीएमसी नेताओं द्वारा सनातन धर्म के सबसे बड़े आयोजन पर सवाल हुए। सनातन धर्म की आस्था को आगे बढ़ाना क्या अपराध है? हम मानते हैं कि सनातन धर्म इस देश का राष्ट्रीय धर्म है। इसकी सुरक्षा मानव की सुरक्षा की गारंटी है। महाकुंभ में क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने भी स्नान किया। हमें ये सब बुरा नहीं लगा क्योंकि हम जानते हैं कि संक्रमित व्यक्ति का कोई उपचार नहीं होता है।
सीएम ने आगे कहा कि अखिलेश यादव ने भी वहां जाकर डुबकी लगायी। आपने यूपी सरकार की व्यवस्था की सराहना की। प्रयागराज कुंभ के बारे में अनेक दुष्प्रचार किए गए हैं। विरोध करना इनकी मजबूरी है। जब हम कोरोना से जूझ रहे थे तब भी ये उपहास उड़ा रहे थे।
अयोध्या में राम मंदिर का विरोध किया गया। कोरोना के वैक्सीन का विरोध किया गया। अयोध्या पर कोर्ट के फैसले का विरोध किया गया। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महाकुंभ के आयोजन को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए महाकुंभ को “मृत्यु कुंभ” की संज्ञा दी। उनके इस बयान पर अब विवाद खड़ा हो गया है।
