देशभर में जन्माष्टमी की धूम, आज है अजन्मे का जन्म, मथुरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़

आज देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का महोत्सव मनाया जा रहा है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर देशभर से श्रद्धालु मथुरा वृन्दावन पहुंच रहे है। मथुरा के प्रमुख मंदिरों में आज मध्यरात्रि 12 बजे कान्हा का जन्म होगा। आज के खास मौके पर मथुरा वृन्दावन की गली गली में हरे कृष्ण हरे कृष्ण की गूँज हो रही है। आज के दिन पूरा मथुरा कृष्णमय हो जाता है। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का साक्षी बनने के लिए देश-विदेश में श्रद्धालु मथुरा पहुंच गए है। कन्हैया के स्वागत को मथुरा वृन्दावन को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में जन्मोत्सव का मुख्य आयोजन शुरू हो गया है।

नन्दलाला के स्वागत में निकली ब्रज यात्रा

तीर्थनगरी मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कन्हैया की जन्मस्थली ब्रज में विभिन्न संस्कृतियों का समागम हुआ। बुंदेलखंड, भोजपुरी, हरियाणवी और ब्रज संस्कृति का समागम देख मथुरावासी ही नहीं देश-विदेश से आए भक्त भी आनंदित हो उठे। यह नजारा 250 लोक कलाकारों की शोभायात्रा में देखने को मिला।

मथुरा नगरी में चारो ओर कृष्ण कृष्ण और सिर्फ कृष्ण ही सुनाई दे रहा है। अपने आराध्य के जन्मोत्सव के उत्साह में भक्त कृष्णमय हो गए हैं। इसी कड़ी में श्रीकृष्ण जन्मभूमि से नगर यात्रा निकाली गयी। इस नगर यात्रा में विभिन्न संस्कृतियों का मेल देखने को मिला। कई राज्यों से आये कलाकारों ने इस यात्रा में हिस्सा लिया। इस यात्रा में बाल कलाकारों ने भी हिस्सा लिया।

अपने लल्ला के स्वागत में सजी कान्हा नगरी

अपने लल्ला के स्वागत के लिए कान्हा की नगरी को दुल्हन की तरह सजाया गया है। नगर के हर चौराहे, हर गली, हर सड़क को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मथुरा में श्रद्धालु एक दिन पहले से पहुंचने लगे थे। आज सुबह से ही भक्त अपने आराध्य के दर्शनों के लिए जन्मभूमि मंदिर के गेट पर इकठ्ठे होने लगे। अपने आराध्य के जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं के मन में श्रद्धा भाव दिखा।

इस मौके पर वृन्दावन स्थित ठा. श्री बांके बिहारी जी के मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मंदिर रंगबिरंगी रौशनी से जगमगा रहा है। अपने आराध्य ठा. बांके बिहारी जी के दर्शन को श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *