आईसीसी वर्ल्ड कप से पहले प्रधानमंत्री सहित देशभर से भारतीय टीम के लिए शुभकामनाएं
क्रिकेट वर्ल्ड कप का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुरू होने वाला है। देशभर से क्रिकेट प्रेमी इस दिन का उत्सव बनाने के लिए अहमदाबाद पहुंच चुके हैं। इस मौके पर देश भर के दिग्गज नेता देश के खिलाड़ियों को सभी राजनीतिक आग्रहों से मुक्त होकर जीत की शुभकामनाएं दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।
प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले क्रिकेट विश्व कप के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम इंडिया को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि 140 करोड़ भारतीयों की प्रार्थनाएं आपके साथ हैं। उन्होंने कहा, मुझे विश्वास है कि आज हमारी टीम पूरे जोश के साथ खेल भावना को प्राथमिकता में रखते हुए खेलेगी।
सोनिया गाँधी ने दी शुभकामनाएं
कांग्रेस नेता सोनिया गाँधी ने भारतीय टीम को शुभकामनाएं दी है और कहा कि खेल ने हमेशा लिंग, क्षेत्र, भाषा, धर्म एवं वर्ग से परे देश को एकजुट किया है। सोनिया गाँधी ने एक वीडियो सन्देश में कहा, “प्रिय टीम इंडिया, मैं इस विश्व कप के दौरान आपके अविश्वसनीय प्रदर्शन और उत्कृष्ट टीमवर्क के लिए सबसे पहले आपको बधाई देकर शुरुआत करना चाहूंगी। आपने देश का नाम लगातार रौशन किया है और हमें सामूहिक रूप से खुश एवं गौरवान्वित होने का कारण दिया है। और अब जब आप इस साल फाइनल मैच के मुकाबले के लिए तैयार हैं, तो पूरा देश आपका समर्थन कर रहा है। मैं आपको शुभकामनाएं देती हूं। आपके पास विश्व विजेता बनने के लिए आवश्यक क्षमताएं हैं। टीम इंडिया को शुभकामनाएं। जय हिंद।”
अखिलेश यादव ने दी शुभकामनाएं
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, लगातार हमारी टीम जीत रही है। मैं बैट्समैन को शुभकामनाएं देना चाहुंगा लेकिन विशेषकर मैं बॉलर्स को भी बहुत बधाईयां देना चाहुंगा कि उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा, पूरे देश के लोगों को उम्मीद है कि इस बार भारत वर्ल्ड कप जीतेगा और वह वर्ल्ड कप जीतती रहेगी।
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा
एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हमारी टीम फाइनल में अच्छा करेगी, ‘फाइनल में आना ही बहुत बड़ी बात है। हमको यकीन है कि हम अच्छा खेलेंगे और जीतेंगे भी। मैं अपनी तरफ से उनके लिए नेक तमन्नाओं का इजहार करता हूं।’
सचिन तेंदुलकर ने दी शुभकामनाएं
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कहा, “मैं यहां शुभकामनाएं देने आया हूं। उम्मीद है कि आज शाम को हम ट्रॉफी उठाएंगे। हम सब इस दिन की राह देख रहे थे। ”
अभिनेता अनुपम खेर ने कहा
अभिनेता अनुपम खेर ने कहा, “आज भारत-ऑस्ट्रेलिया फाइनल मैच है, मेरा दिल आज बहुत तेजी से धड़क रहा है। आज भारत की जीत पूरे विश्व में सुनाई देगी, हम 100 फीसदी जीतेंगे।”
यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा
आईसीसी विश्व कप 2023 भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया फाइनल मैच से पहले उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, मैं भारतीय टीम को शुभकामनाएं देता हूं। जिस ढंग से भारत ने अब तक विजय हासिल की है, फाइनल में भी भारत ही जीतेगा।
