लोकसभा में स्वास्थ्य राज्य मंत्री के बयान पर आप ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर साधा निशाना

लोकसभा में 14 दिसंबर को स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव ने एक सवाल के जवाब में बताया था कि आयुष्मान भारत योजना में इस साल 11 दिसंबर तक 3 लाख 42 हजार 988 फर्जीवाड़े के मामले सामने आए हैं। इनमें गैरजरूरी या फिर फर्जी सर्जरी भी शामिल हैं।

आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़े का मामला सामने आने के बाद बीजेपी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। आप ने सोशल मीडिया एक्स पर इस योजना को लेकर सवाल उठाए हैं। आप ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि भ्रष्टाचार को अंजाम देने के लिए बीजेपी दिल्ली में इस योजना को लागू करना चाहती है।

आप ने एक्स पर पोस्ट जारी कर उठाये सवाल

आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में लिखा, “लोकसभा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने माना आयुष्मान योजना में हो रहा भ्रष्टाचार|| आयुष्मान भारत योजना में इस साल 11 दिसंबर तक 3 लाख 42 हजार 988 फर्जीवाड़े के मामले सामने आए हैं। क्या बीजेपी इसलिए दिल्ली में आयुष्मान योजना लागू करवाने के लिए शोर मचा रही थी। ताकि वो जमकर भ्रष्टाचार कर सके।”

स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने क्या कहा लोकसभा में

दरअसल दौसा से लोकसभा में सांसद मुरारीलाल मीणा के सवाल के जवाब में स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने बताया कि 11 दिसंबर 2024 तक योजना के तहत दर्ज किए कुल फर्जीवाड़े के मामलों में 2 लाख 86 हजार 771 फर्जीवाड़े के मामले मेडिकल ट्रीटमेंट से जुड़े हैं। जबकि 56 हजार 217 मामले सर्जरी से संबंधित हैं, जिसमें या तो मरीज की गैरजरूरी सर्जरी की गई या फिर बिना सर्जरी किए कागजों पर अस्पताल की ओर से सर्जरी दिखा दी गई और फर्जीवाड़ा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *