विधानसभा चुनाव के नतीजों को देख आचार्य प्रमोद कृष्णम के किया बड़ा दावा

आज चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किये जा रहे हैं। तीन राज्य मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस पार्टी बीजेपी से काफी पीछे चल रही है। कांग्रेस को सिर्फ तेलंगाना में ही बहुमत मिलता दिख रहा है। जैसे जैसे मतगणना के रुझान सामने आने लगे हैं उसी प्रकार मतगणना के रुझानों पर प्रतिक्रिया आना शुरू हो गयी है। कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने इन नतीजों के लिए सनातन धर्म पर की गई टिप्पणियों को कारण बताया है।

कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने एक्स पर लिखा, “सनातन का श्राप ले डूबा।” आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि सनातन धर्म का विरोध करने से पार्टी डूब गयी। भारत देश में कभी भी जाति आधारित राजनीती को स्वीकार नहीं किया गया है। यह परिणाम सनातन धर्म का विरोध करने का श्राप है। इससे पहले भी आचार्य प्रमोद कृष्णम कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के घटक दलों को सनातन धर्म पर टिप्पणी करने को लेकर चेतावनी देते रहे हैं। बता दें कि, सनातन धर्म पर डीएमके नेता और तमिलनाडु सरकार में मंत्री उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणियों से राजनीतिक बहस शुरू हुई थी। उन्होंने सनातन की तुलना डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों से की थी।

कांग्रेस के नेताओं पर बोला हमला

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने पहले भी दावा किया था कि उनकी पार्टी में बहुत से नेता ऐसे भी हैं जो भगवान राम और हिन्दुओं से नफ़रत करते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने महसूस किया है कि कांग्रेस पार्टी में कई ऐसे नेता भी हैं जो भगवान राम से नफरत करते हैं। ये नेता हिन्दू शब्द से भी नफ़रत करते हैं और हिन्दू धार्मिक गुरुओं का अपमान करना चाहते हैं।

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने उदयनिधि स्टालिन की भी आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि सनातन धर्म को अपमानित करना धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र के खिलाफ है। इस तरह किसी धर्म का अपमान करने वाले मंत्री को हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के अलावा और दलों के नेताओं पर भी ,हमला बोला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *