नूंह और मेवात में भड़की हिंसा, दो गुटों में विवाद और पत्थरबाजी के बाद हिंसा भड़की, धारा 144 लगायी गयी
हरियाणा के नूंह और मेवात इलाके में सोमवार को दो समूहों के बीच जबरदस्त बवाल हो गया। यह बवाल इतना बढ़ गया कि दोनों समूहों ने एकदूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की और आग भी लगा दी। यह बवाल सोमवार को ब्रज यात्रा के दौरान हुआ। देखते ही देखते उपद्रवियों ने 80 से अधिक गाड़ियों में आग लगा दी। हिंसा की वजह से नूंह में अब तक चार लोगों की मौत और 50 से 60 लोगों के घायल होने की खबर है।
हरियाणा में नूंह के मेवात में ये बवाल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यहाँ बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद् के लोग भगवा यात्रा निकाल रहे थे। जैसे ही यात्रा नूंह के झंडा पार्क पहुंची तभी पथराव शुरू हो गया। यहाँ सिर्फ गाड़ियों पर पथराव ही नहीं हुआ बल्कि गाड़ियों को आग के हवाले भी कर दिया गया। आरोप लगाया जा रहा है कि पथराव मुस्लिम पक्ष के लोगों द्वारा किया गया। इसके बाद हिन्दू पक्ष के लोग भी भड़क गए।
हिन्दू पक्ष ने आरोप लगाया है कि उन्होंने इस यात्रा के बारे में प्रशासन को 6 महीने पहले ही बता दिया था। यात्रा के साथ हरियाणा पुलिस के कुछ जवान भी थे। विश्व हिन्दू परिषद् के कार्यकर्त्ता का कहना है कि चाहे मरना पड़े, लेकिन हम यहाँ से नहीं जायेंगे। बताया जा रहा है कि एक पक्ष कई दिनों से इस यात्रा का विरोध कर रहा था और आख़िरकार हंगामा हो गया। जिसमे कई लोग घायल हुए हैं। इस समय मेवात में हालात बेहद संवेदनशील हैं।
धारा 144 लगायी गयी
नूंह के डिप्टी कमिश्नर प्रशांत पवार का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। तीन दिन के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गयी हैं। जिले में धारा 144 लगा दी गयी है, कर्फ्यू के आदेश दिए गए हैं। हम सभी से शांति बनाये रखने की अपील करते हैं। सभी फसे हुए लोगों को बचा लिया गया है। स्थिति अब सामान्य है, जिले में कर्फ्यू लगा हुआ है।
वहीँ गुरुग्राम के पुलिस कमिश्नर ने कहा है कि सोहना में स्थिति तनावपूर्ण है। माहौल में शांति बनाये रखने की कोशिश की जा रही है। हम नजर बनाये हुए हैं।
