ममता बनर्जी का कांग्रेस पर हमला कहा हम केंद्र में बीजेपी के खिलाफ महागठबंधन बनाने की कोशिश कर रहे हैं और कांग्रेस…..
अभी पिछले दिनों बिहार के पटना में सभी विपक्षी दलों की बीजेपी के खिलाफ महागठबंधन बनाने के लिए महाबैठक हुयी थी। इस बैठक के कुछ दिन बाद ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने कांग्रेस और सीपीआईएम पर निशाना साधा है। ममता बनर्जी ने कहा कि केंद्र में बीजेपी के खिलाफ एक बड़ा महागठबंधन बनाने की कोशिशों के बाद भी उनकी हरकतें रुकावट पैदा कर रही हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कूच बिहार में पंचायत चुनाव की एक रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम केंद्र में बीजेपी के खिलाफ एक महागठबंधन बनाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन कांग्रेस और सीपीआईएम यहाँ बंगाल में बीजेपी के साथ काम करने की कोशिश कर रही हैं। मैं बंगाल की पवित्र धरती पर अपवित्र गठजोड़ को तोड़ दूंगी।
कांग्रेस ने किया पलटवार
पिछले कुछ ही दिनों में ऐसा दूसरी बार हुआ है कि ममता बनर्जी ने बीजेपी के साथ गठजोड़ करने के लिए कांग्रेस और सीपीआईएम की आलोचना की है। ममता बनर्जी द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए पश्चिम बंगाल के कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि बीजेपी के खिलाफ लड़ाई में टीएमसी की विश्वसनीयता पर हमेशा सवाल खड़े हुए हैं। हम सभी जानते हैं कि बीजेपी के खिलाफ लड़ाई में टीएमसी ने पिछले सालों में क्या भूमिका निभाई है।
बीजेपी ने आरोपों का किया खंडन
इस मामले पर बीजेपी ने ममता बनर्जी के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि कांग्रेस और टीएमसी एक ही नाव पर सवार हैं। बीजेपी ने कांग्रेस के साथ किसी भी तरह का समझौता होने के आरोपों को ख़ारिज किया। बीजेपी के नेता राहुल सिन्हा ने कहा कि यह बीजेपी ही है जो राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के साथ लड़ रही है।
