प्रधानमंत्री मोदी ने दाहोद में विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन, आतंकवाद पर दिया कड़ा संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार, 26 मई 2025 को गुजरात के दाहोद में कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत निराशा से बाहर निकलकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा आज विश्वास के उजाले में लहरा रहा है और देश का हर नागरिक गर्व महसूस कर रहा है।

ऑपरेशन सिंदूर’ देश की भावनाओं की अभिव्यक्ति
पीएम मोदी ने अपने भाषण में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले का जिक्र किया और कहा कि भारत ऐसे हमलों को कभी चुपचाप नहीं देख सकता। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जो कोई भी हमारी माताओं-बहनों के सम्मान को ठेस पहुंचाएगा, उसका अंत निश्चित है। उन्होंने बताया कि “ऑपरेशन सिंदूर” सिर्फ सैन्य अभियान नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की भावनाओं का उत्तर था। इसके तहत आतंकवादियों को खोजकर मिटा दिया गया और हमारी सेना ने पाकिस्तानी सेना को मुंहतोड़ जवाब दिया।

आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ते कदम
प्रधानमंत्री ने दाहोद में बनी इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव फैक्ट्री का भी जिक्र किया, जिसका उद्घाटन उन्होंने स्वयं किया। उन्होंने बताया कि आज भारत न केवल रेल और मेट्रो के लिए जरूरी तकनीक बना रहा है, बल्कि उसे दुनिया के अन्य देशों में निर्यात भी कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग कहते थे कि केवल शिलान्यास होता है, अब वे खुद देख रहे हैं कि तीन साल बाद फैक्ट्री में पहला इंजन बनकर तैयार हो चुका है।

गुजरात रेलवे नेटवर्क का पूर्ण विद्युतीकरण
अपने भाषण के अंत में पीएम मोदी ने बताया कि अब गुजरात का शत-प्रतिशत रेलवे नेटवर्क विद्युतीकृत हो चुका है, जो राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने गुजरात की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और समर्थन से ही देश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 26 मई 2014 को उन्होंने पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी, और यह दिन उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण क्षण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *