कपूरथला हाउस में पंजाब आम आदमी पार्टी के एमएलए की बैठक, कांग्रेस सांसद ने आप की बैठक पर कैसा तंज
दिल्ली के कपूरथला हाउस में पंजाब आप के विधायकों की बैठक हुयी। इस बैठक में आप के राष्ट्रिय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान, पंजाब सरकार के मंत्री और विधायक शामिल हुए। इस बैठक में हाल ही में दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव पर समीक्षा हुयी। इसी के साथ 2027 में पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा हुयी।
बैठक के बाद भगवंत मान कहा
आप विधायकों के साथ बैठक के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के सभी साथियों ने दिल्ली में बहुत मेहनत की। पंजाब में हमारी सरकार लोगों के हितों में काम कर रही है। दिल्ली में जिन लोगों ने काम किया है, उनके अनुभव का इस्तेमाल में पंजाब में करेंगे। दिल्ली के लोगों के मत को हम स्वीकार करते हैं। हमारी पार्टी लोगों के लिए काम करने वाली है। हमारे पास दो साल का समय है। हम मॉडल राज्य बना रहे हैं। मॉडल स्टेट बनाकर पूरे देश को दिखाएंगे। हमें उम्मीद है कि हमारे वर्कर डैडिकेटेड हैं। वो किसी लालच के लिए नहीं हैं।
कांग्रेस के दावे पर पंजाब सीएम का पलटवार
सीएम भगवंत मान ने कांग्रेस के दावे पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रताप सिंह बाजवा पौने तीन साल से यही कह रहे हैं। उन्हें कहने दें, हमारे विधायकों की गिनती नहीं करो, पहले अपने विधायक दिल्ली में गिन लो। वो कहते रहते हैं, पहले भी कहते रहे हैं कि 40 हमारे साथ आ रहे हैं, 20 साथ आ रहे हैं। उन्हें ये कहने दो। बता दें कि कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने दावा किया है कि आप के 25 से 30 विधायक उनके संपर्क में हैं।
कांग्रेस का आप की बैठक पर तंज
आम आदमी पार्टी की बैठक पर कांग्रेस सांसद गुरजीत औजला ने तंज कसते हुए कहा कि यह उनकी पार्टी है और उन्हें बैठकें करनी चाहिए। लेकिन अगर वे दिल्ली में हार के तुरंत बाद मीटिंग कर रहे हैं तो इसका मतलब अलग है। वे दिल्ली हार चुके हैं, इसलिए उन्हें दिल्ली के नेताओं को बुलाकर मंथन करना चाहिए, लेकिन पंजाब के विधायकों को बुलाया गया है। उनके दोनों मॉडल, पंजाब और दिल्ली, फेल हो गए हैं। पंजाब के लोग उनसे तंग आ चुके हैं, वे चाहे जितनी मीटिंग कर लें, कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
