शिवसेना यूबीटी के नेता की बाबरी मस्जिद पर पोस्ट को लेकर महाराष्ट्र सपा अध्यक्ष और शिवसेना यूबीटी आमने-सामने
शिवसेना यूबीटी के नेता ने बाबरी मस्जिद को लेकर सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया। जिसके बाद से महाविकास अघाड़ी गठबंधन में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आज़मी ने शिवसेना यूबीटी के नेताओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर ऐसा ही रवैया रहा तो एमवीए गठबंधन अधिक दिनों तक नहीं चलेगा। अब सपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर शिवसेना यूबीटी के नेता आदित्य ठाकरे ने पलटवार किया और कहा कि सपा के कुछ नेता बीजेपी की बी टीम के रूप में काम कर रहे हैं।
हमने कभी हिंदुत्व नहीं छोड़ा–आदित्य ठाकरे
आदित्य ठाकरे ने कहा, “समाजवादी पार्टी के बारे में बात नहीं करना चाहता हूं। अखिलेश यादव अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन प्रदेश में उनके कुछ नेता बीजेपी की मदद करते हैं। उनकी बी-टीम के रूप में काम करते हैं। मैं इसके बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहता हूं। हम बाबरी मस्जिद के बारे में पोस्ट किया और पहले भी करते रहे हैं। हमने कभी हिंदुत्व नहीं छोड़ा, हम हिंदुत्व के साथ हैं।”
दरअसल शिवसेना-यूबीटी के नेता मिलिंद नार्वेकर ने हाल ही में एक्स पर एक पोस्ट डाला था, जिसमें उन्होंने बाबरी मस्जिद विध्वंस से जुड़ी एक तस्वीर शेयर की थी। जिसमें बाला साहेब ठाकरे की बात को कोट किया था, ‘जिन्होंने ये किया मुझे उन पर गर्व है’। इस पोस्ट के बाद महाराष्ट्र में सपा के प्रदेश अध्यक्ष अबू आज़मी ने अपने सहयोगी दल शिवसेना यूबीटी को कहा, अगर ऐसा ही रवैया रहा तो महाविकास अघाड़ी में टूट हो सकती है। मुझे लगता है कि अगर ऐसी चीजें होती रहीं तो महाविकास अघाड़ी गठबंधन जारी नहीं रहेगा। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शर्मनाक हार के बाद से ही महाविकास अघाड़ी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
