महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवारों के नामों पर बनी सहमती, अंतिम मौहर के लिए बीजेपी सीईसी की बैठक

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर महायुति में मंथन जारी। लेकिन सूत्रों के अनुसार महाराष्ट्र में बीजेपी के 150 से 160 सीटों पर चुनाव लड़ने की संभावना। महाराष्ट्र बीजेपी कोर कमेटी की बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर लगभग सहमति बन गई है। लेकिन उम्मीदवारों के नामों पर बीजेपी सीईसी की बैठक में चर्चा होने के बाद ही मौहर लगेगी।

इसके लिए महाराष्ट्र बीजेपी नेताओं की आज 14 अक्टूबर को दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठक होगी। इस बैठक में शामिल होने के लिए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र के बीजेपी अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी शाम तक दिल्ली पहुंचेंगे।

महाराष्ट्र में सीटों का बंटवारा

महाराष्ट्र विधानसभा में कुल 288 सीटें हैं। इस विधानसभा चुनाव को बीजेपी एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी के साथ गठबंधन में लड़ रही है। खबर है कि इस गठबंधन में बीजेपी अधिक सीटों पर चुनाव लड़ेगी। शिवसेना महायुति में 100 से अधिक और एनसीपी 60 से अधिक सीटों की मांग कर रही है। माना जा रहा है कि शिवसेना को 90 से 95 और एनसीपी को 40 से 45 सीटें मिल सकती है।

2019 चुनाव का हाल

2019 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी 162 सीटों पर लड़ी थी और उसे 105 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं तब एकजुट रही शिवसेना ने 124 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और 56 सीटें मिली थी। इस बार समीकरण बदले हुए हैं। वहीं एकजुट रही एनसीपी ने 121 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और उसने 54 सीटों पर जीत दर्ज की थी। बाद में एनसीपी में बगावत हो गई और अजित पवार के साथ ज्यादातर विधायक महायुति में चले गए। उस समय एनसीपी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *