बाढ़ प्रभावित इलाकों का सीएम नितीश कुमार ने किया निरीक्षण, मंत्री मदन सहनी ने तेजस्वी यादव पर साधा निशाना
बिहार के कई जिलों में इस समय बाढ़ की स्थिति बनी हुयी है। बहुत सी नदियों का जल खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोग इस आपदा को झेलने के लिए मजबूर हैं। इसी बीच बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। साथ ही राहत वितरण कार्यों का निरीक्षण और समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री दरभंगा पहुंचे। दरभंगा टाऊन में इनडोर स्टेडियम में फूड पैकेटिंग केन्द्र में फूड पैकेट्स तैयार किए जा रहे हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर से फ़ूड पैकेट्स को गिराया जायेगा। सारी चीजों का जायजा लेकर यहां से नीतीश बिरौल अनुमंडल के पुनॉच गांव हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए। बिरौल में सामुदायिक किचेन का अवलोकन करेंगे। इसके बाद वे दिन में एक बजे पटना वापस लौटेंगे। शाम में वे पटना में बाढ़ प्राभवित जिलों के प्रभावित परिवारों को अनुदान राशि वितरित करेंगे। इसके लिए एक अणे मार्ग स्थित संकल्प में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
तेजस्वी यादव पर साधा निशाना
बिहार की जेडीयू सरकार में मंत्री मदन सहनी ने इस दौरान विपक्षी नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नितीश कुमार लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। वहीं विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव गायब हैं, विदेश में हैं। चाहे ख़ुशी का माहौल हो या दुःख का वह हमेशा गायब ही रहते हैं। बिहार में हों तब भी कहीं जाते नहीं हैं। उनको सीखना चाहिए लेकिन सीखना भी नहीं चाहते हैं। उनको जनता से कोई मतलब नहीं है। बाढ़ के कारण बिहार में तबाही मची हुयी है। वे कहीं गए भी नहीं हैं।
मंत्री मदन सहनी ने आगे बताया कि दरभंगा में अभी हालात नियंत्रण में है। धीरे धीरे पानी कम हो रहा है। लेकिन कीरतपुर में बांध टूटा था। जिसके कारण कई गांव जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद की जा रही है। ऊंचे स्थानों पर ले जाया गया है। खाने पीने की व्यवस्था कराई गई है। राहत शिविर बनाए गए हैं। दुर्गा पूजा से पहले सभी बाढ़ प्रभावित लोगों को सात-सात हजार अनुदान की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खाते में दी जाएगी। 9 अक्तूबर को पटना से लगभग 48000 हजार बाढ़ पीड़ित के खाते में पैसे जाएंगे।
