संसद में बजट चर्चा में हिस्सा लेते हुए राहुल गाँधी ने बीजेपी पर साधा जमकर निशाना

आज सोमवार को संसद में आम बजट पर चर्चा में कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी की केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अपने भाषण के दौरान कहा कि आज देश में डर का माहौल बना हुआ है। मंत्री डरे हुए हैं, किसान डरे हुए हैं, युवा डरे हुए हैं, श्रमिक डरे हुए हैं। उन्होंने सत्ता पक्ष की तरफ देखते हुए कहा कि मेरे दोस्त मुस्करा रहे हैं लेकिन वे भी डरे हुए हैं।

राहुल गाँधी ने किया चक्रव्यूह का जिक्र

राहुल गाँधी ने संसद में आगे कहा हजारों साल पहले हरियाणा के कुरुक्षेत्र में अभिमन्यु को छः लोगों ने चक्रव्यूह में मारा था। चक्रव्यूह के अंदर डर होता है, हिंसा होती है और अभिमन्यु को चक्रव्यूह में फंसाकर छः लोगों ने मारा। मैंने चक्रव्यूह के बारे में रिसर्च की तो पता चला कि उसका एक और नाम होता है पद्म व्यूह। ये लोटस के शक्ल में होता है। 21वीं सदी में भी ऐसा ही एक चक्रव्यूह तैयार हुआ है। वो भी लोटस के चिन्ह में है, उसी का चिन्ह पीएम अपनी छाती पर लगाकर चलते हैं। जो उस समय अभिमन्यु के साथ हुआ था, वही आज हमारे किसानों और माता-बहनों के साथ हो रहा है। द्रोणाचार्य, कर्ण, कृपाचार्य, कृतवर्मा, अश्वथामा और शकुनी ने अभिमन्यु को घेरकर मारा था। आज भी चक्रव्यू में छह लोग हैं। केंद्र को छः लोग कंट्रोल करते हैं। नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, अजित डोभाल, अंबानी और अडानी।

बेरोजगारी पर सरकार को घेरा

कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने सरकार को बेरोजगारी पर घेरते हुए कहा कि कोविड के समय में आपने छोटे बिजनेस को खत्म किया, इसकी वजह से बेरोजगारी है। आज वित्त मंत्री सामने बैठी हैं, आपने युवाओं के लिए बजट में क्या किया। आपने इंटर्नशिप प्रोग्राम की बात की। ये शायद एक मजाक है। आपने कहा कि ये हिंदुस्तान की 500 कंपनियों में है। पहले आपने पैर तोड़ दिए और अब बैंडेज लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

अग्निवीर योजना और एमएसपी पर बोले

राहुल गाँधी ने अग्निवीर योजना के विरुद्ध बोलते हुए कहा कि आपने सेना के जवानों को अग्निवीर योजना के चक्रव्यूह में फंसाया। इस बजट में आपने अग्निवीर जवानों की पेंशन के लिए एक रूपया भी नहीं रखा। आप किसानों को एमएसपी का अधिकार नहीं दे रहे हैं। आज भी रास्ता जाम है। किसानों को मुझसे मिलने के लिए अंदर नहीं आने दिया जाता। अगर सरकार किसानों एमएसपी की गारंटी दे देती तो अच्छा होता। मैं भरोसा देना चाहता हूं कि हम जब भी सत्ता में आएंगे तो एमएसपी पर गारंटी देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *