लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी की दूसरी लिस्ट कब आएगी, जानें किस नेता का कट सकता है नाम

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट 2 मार्च को जारी की थी। तभी से पार्टी की दूसरी लिस्ट का इंतज़ार हो रहा था कि दूसरी लिस्ट कब आएगी। पार्टी ने दूसरी लिस्ट पर काम कर 6 मार्च को पार्टी कोर कमेटी की होगी। बैठक में पंजाब, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार की बची सीटों को लेकर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि पार्टी ने जिस तरह पहली सूची में दिग्गजों को साइडलाइन किया था, उसी तरह दूसरी लिस्ट में भी कई नेताओं को किनारे लगाया जा सकता है।

दूसरी लिस्ट 7-8 मार्च को जारी हो सकती है

जानकारी के अनुसार इस बैठक में दूसरी लिस्ट के उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा हो सकती है। बीजेपी 7-8 मार्च को दूसरी लिस्ट जारी कर सकती है। इस लिस्ट में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और राजस्थान समेत कई राज्यों के उम्मीदवारों के नाम शामिल हो सकते हैं।

बृजभूषण शरण सिंह का कट सकता है टिकट

जानकारी के अनुसार इस बैठक में पार्टी पहली लिस्ट की तरह ही दूसरी लिस्ट में भी विवादित नेताओं से किनारा कर सकती है। इनमें पहला नाम कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह का है, जिनपर महिला पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगा था। पार्टी से कथित तौर पर नाराज चल रहे मेनका गांधी और वरुण गांधी का भी टिकट कटने की उम्मीद है। हालांकि, पार्टी की ओर से इस बारे में कोई संकेत नहीं दिया गया है।

बीजेपी ने अपनी पहली लिस्ट में भी उन सांसदों का टिकट काट दिया था, जो विवादों में थे या विवादित बयान दे रहे थे। इनमें भोपाल की सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, दक्षिणी दिल्ली से सांसद रमेश बिधूड़ी और पश्चिम दिल्ली सीट के सांसद प्रवेश वर्मा जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *