महाराष्ट्र में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राज ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण पार्टी (एमएनएस) ने तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने अब तक 50 सीटों का जायजा ले लिया है। इसी सिलसिले में राज ठाकरे ने अपनी पार्टी के सभी नेताओं की एक बैठक बुलाई है। सूत्रों से पता लगा है कि इस साल राज ठाकरे अकेले ही दम पर चुनाव लड़ने के मूड में हैं।
जानकारी के लिए बतादें कि 2024 लोकसभा चुनाव में राज ठाकरे ने पीएम मोदी को समर्थन दिया था। उस समय सीटों को लेकर बीजेपी और एमएनएस के बीच लम्बी बातचीत चली थी। लोकसभा चुनाव में एमएनएस की तरफ से दो सीटों की मांग की गयी थी, जबकि बीजेपी एक सीट देने के लिए तैयार थी। आखिर में बात न बनने पर एमएनएस ने लोकसभा चुनाव न लड़ने का फैसला लिया।
तब से यह माना जा रहा था कि बीजेपी विधानसभा चुनाव में राज ठाकरे को अधिक तव्वजो देगी। लेकिन राज ठाकरे ने उससे पहले ही चुनावों की तैयारी शुरू कर दी। अभी पिछले महीने हुयी पार्टी की एक बैठक में राज ठाकरे ने कहा था कि हम 200 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। इसी के साथ उन्होंने कहा था कि वह सीटों के आवंटन के लिए किसी के साथ पहल नहीं करेंगे।
एमएनएस का अब तक के चुनावों में हाल
2006 में अस्तित्व में आने के बाद एमएनएस ने 2009 के विधानसभा चुनाव में ‘मराठी मानुस’ के नारे के साथ 13 सीटें जीती। हालाँकि इसके बाद एमएनएस का चुनावों में जीत का ग्राफ कम होता चला गया। 2014 में विधानसभा चुनावों में दो सीटें जीतीं और 2019 में एक सीट जीती। राज ठाकरे की पार्टी कभी भी लोकसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत पायी है। 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव में राज ठाकरे ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारे।
2009 के चुनाव में एमएनएस को 5.17 फीसदी वोट मिले थे। वहीं 2014 में उसे 3.15 फीसदी और 2019 में 2.25 फीसदी वोट मिले। 2009 के लोकसभा चुनाव में एमएनएस को 4.1 फीसदी और 2014 में 1.5 फीसदी वोट मिले।
