भोपाल/नई दिल्ली: रानी कमलापति से हज़रत निज़ामुद्दीन जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की एग्जीक्यूटिव क्लास (E1 कोच) में कॉकरोच मिलने की घटना सामने आने से यात्रियों में भारी नाराज़गी देखी गई। यह ट्रेन सुबह 5:40 बजे रानी कमलापति स्टेशन से रवाना होती है। घटना उस समय सामने आई जब एक यात्री ने अपनी सीट के पास कॉकरोच चलते हुए देखा और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
यात्रियों का कहना है कि प्रीमियम ट्रेन होने के बावजूद इस तरह की लापरवाही बेहद चिंताजनक है। एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए अधिक किराया देने के बावजूद स्वच्छता के ऐसे हालात यात्रियों की उम्मीदों के विपरीत हैं।
भारत की लक्जरी ट्रेन कही जाने वाली रानी कमलापति से हजरत निजामुद्दीन वन्देभारत ट्रेन के एक्सक्यूटिव क्लास में कॉकरोच घूमते दिखाई दे रहे हैं। ये हमारी प्रीमियम ट्रेन के लक्जरी कोच की स्थिति है।@RailMinIndia @PMOIndia @AmitShahOffice @AshwiniVaishnaw #indianrailway #Israël #Hürmüz pic.twitter.com/RB1gC8GZ3r
— NEWS CRITIC (@_NEWSCRITIC) April 9, 2026
घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन में नियमित सफाई और कीट नियंत्रण (पेस्ट कंट्रोल) की व्यवस्था होती है, लेकिन फिर भी इस प्रकार की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित एजेंसी पर कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
इस घटना के बाद यात्रियों ने रेलवे से स्वच्छता मानकों को और सख्ती से लागू करने की मांग की है, ताकि वंदे भारत जैसी प्रीमियम सेवाओं की गुणवत्ता बनी रहे।
