मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा जबलपुर पहुंचे हैं। आज शनिवार को उन्होंने मीडिया के साथ बातचीत की जिसमे उन्होंने इंडिया गठबंधन द्वारा 14 टीवी एंकरों के शो में अपना प्रतिनिधि न भेजने पर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। हिमंत बिस्व सरमा ने कहा, “उनका (कांग्रेस) यह जो नशा है, सेंसरशिप लगाना, मीडिया को बॉयकॉट करना, इसका इतिहास तो 1975 से शुरू होता है। यह कोई नया नहीं है। यह उनका रिहर्सल है। भारत में कांग्रेस की सरकार आई तो मीडिया पर सेंसरशिप लगा देगी।” इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस को चाँद पर भेजने का तंज करते हुए कहा, ‘गनीमन है कि इसरो ने ठीक समय पर चंद्रयान बना दिया है। हम उसमें बैठाकर पूरी कांग्रेस को चांद पर भेज देंगे। वहीं जाकर सरकार बनाओ, वहीं जाकर बैन-वैन लगाओ। कोई प्रॉब्लम नहीं।’
हिमंत बिस्व सरमा ने एंकरों के बायकॉट के कदम की तुलना बच्चो के क्लास में बर्ताव से करते हुए कहा “बचपन में क्लास में जब अनबन होती थी तो हम लोग कट्टी कर लेते थे। ठीक वैसे ही कांग्रेस का माहौल हो गया है। कट्टी कर रही है। किसी का चेहरा अच्छा नहीं है, कट्टी कट्टी। एक राजनीतिक पार्टी है लेकिन ऐसा बचपना कर रही है।”
आपको बता दें कि इंडिया गठबंधन की मीडिया सेल की हुयी वर्चुयल बैठक में देश के 14 मशहूर एंकरों के शो में अपना प्रतिनिधि न भेजने का फैसला लिया गया है। इसकी जानकारी कांग्रेस प्रवत्ता पवन खेड़ा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिये दी। इसके बाद से पुरे देश में इसको लेकर घमासान मचा हुआ है।
कांग्रेस ने दी सफाई
हालांकि पवन खेड़ा ने शनिवार को इस पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ने किसी के बहिष्कार का फैसला नहीं लिया है। बात बस इतनी है कि जिन एंकरों के कार्यक्रम में प्रतिनिधि नहीं भेजने की बात हो रही है वे अपने कार्यक्रम के जरिए नफरत फैलाते हैं। उसका हिस्सा नहीं बनने का अधिकार हमें है और इसलिए उसमें हम अपने प्रतिनिधि को नहीं भेजेंगे।
