महाराष्ट्र में इस समय विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति का माहौल गरमाया हुआ है। सभी पार्टियां राज्य में अपने अपने उम्मीदवारों के नाम का एलान कर रही हैं। इस सब के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रिय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने महाविकास अघाड़ी (एमवीए) को चेतावनी तक दे डाली है। अखिलेश यादव ने अपने बयान में इतना तक कह दिया कि राजनीति में त्याग के लिए कोई जगह नहीं है।
सीट बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव ने दिया बयान
महाराष्ट्र में सीट बंटवारे को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, “महाराष्ट्र में सीटों के बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश (महाराष्ट्र) अध्यक्ष तय करेंगे, पहले हम गठबंधन में रहने की कोशिश करेंगे। लेकिन अगर वे (महाविकास अघाड़ी) हमें गठबंधन में नहीं रखेंगे, तो हम उन सीटों पर चुनाव लड़ेंगे जहां हमें वोट मिलेंगे या हमारा संगठन वहां काम कर रहा है। हम उन सीटों पर चुनाव लड़ेंगे जो गठबंधन को नुकसान नहीं पहुँचाएँगी लेकिन राजनीति में त्याग के लिए कोई जगह नहीं है।”
अखिलेश यादव का सीट बंटवारे को लेकर बयान ऐसे समय पर आया है जब सपा की ओर से मांगी गयी पांच सीटों में से तीन पर कांग्रेस अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है। कांग्रेस द्वारा अपने उम्मीदवारों के नामों का एलान सपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
इससे पहले महाराष्ट्र सपा अध्यक्ष अबू आजमी ने कहा था कि सीटों का बंटवारा तो पहले ही हो जाना चाहिए था। हम भी तो महाविकास अघाड़ी गठबंधन का हिस्सा हैं। लेकिन पता नहीं सीटों का बंटवारा क्यों नहीं हो पा रहा है। हम कभी भी वोटों का बंटवारा नहीं चाहते हैं। हम भी चाहते हैं कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महाविकास अघाड़ी गठबंधन जीत हासिल करे। हम ऐसी पांच सीटें चाहते हैं जहाँ पर हम जीत हासिल कर सकते हैं। अगर हमें वह पांच सीटें नहीं दी जाती हैं तो हम 25 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।
