नितीश कुमार का केंद्र सरकार पर हमला, कहा बिहार को दें विशेष राज्य का दर्जा
बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने गुरुवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित उद्योग विभाग के कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। नितीश कुमार ने एक बार फिर से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की मांग की है। नितीश कुमार ने कहा कि अब एक-एक जगह पर अभियान चलेगा कि बिहार का उत्थान चाहते हो तो विशेष राज्य का दर्जा दो। अगर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दोगे तो बिहार का उत्थान नहीं चाहते हो। सिर्फ प्रचार करना चाहते हो।
नितीश कुमार ने आगे कहा, “हम लोग जितना काम कर रहे हैं अब इसके बारे में एक-एक चीज गांव-गांव तक पहुंचाएंगे। हमने आज ही अधिकारियों को कह दिया है। एक-एक जगह जाकर हमारे अधिकारी पूछेंगे कि काम हुआ कि नहीं? काम हुआ है तो लाभ मिला कि नहीं मिला? अगर दिक्कत है तो बताइए, अधिकारी नोट करेंगे और लाभ देने का प्रयास करेंगे। यही हम लोगों का उद्देश्य है। अब हम लोग तो इसी तरह न काम करेंगे, नहीं तो हमलोगों के बोलने से कहीं छप जाएगा क्या, इसलिए घर-घर जाकर लोगों को अपने काम के बारे में बताएंगे।”
केंद्र सरकार पर लगाया आरोप
नितीश कुमार ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केंद्र सरकार पर योजनाओं की राशि कम देने का आरोप लगाया। इसी के साथ कहा कि राज्यों को केंद्र सरकार की योजनाओं का सही लाभ नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा नितीश कुमार ने एलान किया कि वह फिर से बिहार की यात्रा पर निकलने वाले हैं। लोकसभा चुनाव को देखते हुए नितीश कुमार की इस यात्रा को अहम समझा जा रहा है। हालाँकि नितीश कुमार पहले भी कई बार बिहार की यात्रा कर चुके हैं।
गुरुवार को मुख्यमंत्री उद्यमी योजना की पहला किस्त जारी की गई है। इसके तहत उद्योग करने के लिए लाखों रुपये दिए जाएंगे। बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम का सीएम नीतीश कुमार ने उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में उक्त बातें कही हैं।
